गोपालगंज : अग्नि के साथ फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वायदा कर सात घण्टे में ही दुल्हन ने परिवार सहित सबको शर्मशार कर दिया. दुल्हन विदाई से ठीक पहले अपने प्रेमी के साथ फ़रार हो गई. दुल्हन की इस हरकत ने न केवल परिवार के लोग बल्कि सभी गांव वालों के होश उड़ा दिये.यह कोई फिल्मी स्क्रिप्ट नही बल्कि हकीकत है.
दरअसल, हैरान करने वाला यह मामला गोपालगंज जिले के मांझा थाने के शेख परसा गांव का है. जहां अमरनाथ प्रसाद की पुत्री कुमारी मनोरमा का विवाह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरेया सुजान थाने के भगवानपुर गांव के रहने वाले डॉ घनश्याम कुमार के पुत्र इं. सुधीर कुमार के साथ 26 फरवरी को हुई.
दूल्हा बड़े अरमानों के साथ गाड़ी लेकर दुल्हन को विदाई कराने पहुंचा. लेकिन वहां के हालात देखकर वर पक्ष के लोगों के होश उड़ गए. दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फ़रार और परिजन भूमिगत हो गए थे. दुल्हन की इस हरकत से गांव में अफरातफरी फैल गयी. मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. पुलिस भी मौके पर पहुंची.
फिर क्या था पूरे मामले पर पंचायत बैठी. मुखिया भूपेंद्र प्रसाद, जिला परिषद सदस्य सुनील बारी और प्रबुद्ध लोगों ने सर्वसम्मति से पड़ोस में रहने वाले स्व. अर्जुन प्रसाद की पुत्री सुनीता कुमारी के साथ इंजीनियर दूल्हे शादी करा देने का निर्णय लिया. पंचायत के फैसले पर दूल्हे और उनके परिजनों ने भी सहमति जतायी. जिसके बाद सुनीता और इं. सुधीर की गांव के ही काली मंदिर में पूरे रस्म रिवाज के साथ शादी करायी गयी. विदाई की रश्म के दौरान दुल्हन का सारा सामान दिया गया. वहीं मामले पर थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने कहा है कि पंचायत के जरिये विवाद को सुलझा दिया गया है.

Add Comment