सहारनपुर/ लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली मरकज में शामिल उत्तर प्रदेश के सभी लोगों को क्वॉरेंटाइन करने का आदेश दिया है. सरकार की ओर से 157 लोगों की सूची जारी की गई है जो निजामुद्दीन में मरकज कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के बाद सरकार की रडार पर आए 18 जिलों में गाजियाबाद, सहारनपुर,मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़, बिजनौर, बागपत, वाराणसी, भदोही, मथुरा, आगरा,सीतापुर, बाराबंकी, प्रयागराज, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर शामिल हैं. एसपी कानून व्यवस्था अजय शंकर राय की ओर से इन सभी जिलो के पुलिस अधीक्षकगण को अलर्ट किया गया.
इस बाबत दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में फॉरेन टीम ऑफ तबलीगी जमात में उत्तर प्रदेश के आने वाले की सूची भी भेज दी गई है. सभी की कोरोनावायरस के चलते जांच की जाएगी.
वहीं सहारनपुर के डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने सहारनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शामली के पुलिस अधीक्षक और मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अलर्ट रहकर सभी संदिग्धों की खोज करने के निर्देश दिए हैं.
डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करने के लिए कहा है. उन्होंने बताया कि सभी को क्वॉरेंटाइन किया जाएगा.
उन्होंने जानकारी दी इस संबंध में सूची आई है और सभी की खोज जारी है. एसपी देहात विद्या सागर मिश्र को देवबंद भेज गया है.

Add Comment