लखनऊ/सहारनपुर.ढाई महीने तक लॉक डाउन में बंद रहे मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे के दरवाजे आज श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. बंदिशों के बीच आराध्य के दर्शन के लिए भक्तों को कई नियमों का पालन करना होगा. अनलॉक वन में देश को धीरे-धीरे खोलने का प्लान है. तीन चरणों वाले अनलॉक में आज 8 जून यानि सोमवार से पहला चरण शुरू हो रहा है जिसमें धार्मिक स्थल, रेस्टोरेंट मॉल और होटल को खोलने की अनुमति मिली है. मंदिर के कपाट खुलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की.
वही मस्जिद में मुस्लिमों ने इबादत की. गुरुद्वारे में लोग पूजा करने पहुंचे तो चर्च के दरवाजे भी श्रद्धालुओं की पहुंच शुरू हो गयी. इस दौरान सैनिटाइजिंग, स्क्रीनिंग का प्रयोग किया जा रहा है.
सहारनपुर में यह रहेगी व्यवस्था
जनपद में कई बंदिशों के साथ मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों को खोला गया. जहां गुरुद्वारे में सिर पर कपड़ा रखने के लिए घर से ही व्यवस्था करनी होगी वहीं मस्जिद में एक समय में 5 लोग ही इबादत कर पाएंगे. मंदिरों के घंटे के दिल छू लेने वाली आवाज के बिना ही भगवान के दर्शन होंगे.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के मुताबिक जनपद में धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति दी. उन्होंने कल रविवार को विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों के साथ बात करते हुए बांड पेपर की जानकारी दी जो प्रशासन और मंदिर या मस्जिद के मुतवली के बीच किया जायेगा. उन्होंने बताया कि मंदिर, मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारे को खोलने के लिए प्रबंधन को जनपद स्तर पर अनुमति लेनी होगी. धार्मिक स्थल के प्रबंधन तंत्र को लिखित गारंटी देनी होगी कि वह सरकार के नियमों का 100% पालन कराएंगे.
जिला अधिकारी अखिलेश सिंह के मुताबिक अनुमति के लिए उपजिलाधिकारी और संबंधित थानेदार को गारंटी पत्र देना होगा. उन्होंने जनपद वासियों से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के प्रयोग के साथ ही बाहर निकलने और पूजा अर्चना करने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बाहर लगने वाली लाइन में गर्भवती महिलाएं, 10 साल से छोटे बच्चे और वृद्धों को दूर रखा जाएगा. फिलवक्त इन लोगों को दर्शन की अनुमति नहीं होगी.
क्या रहेगा मना
- मंदिर परिसर में प्रसाद चढ़ाने, घंटी बजाने, और जल का छींटा करने पर प्रतिबंध रहेगा.
- धार्मिक स्थल में माथा टेकने, पवित्र पुस्तकों को छूने और मूर्ति स्पर्श की मनाही रहेगी.
- किसी भी धार्मिक स्थल में एक समय में 5 से अधिक श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा.
- शोभा यात्रा जैसे कार्यक्रमों पर पाबंदी रहेगी.
- प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते होंगे.
- मस्जिदों में नमाज के लिए वजू घर से करके आना होगा साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना जरूरी होगा.
- सामूहिक आयोजन पर पूरी तरह से प्रतिबंध है.
- गुरुद्वारे में अरदास के समय 6 फुट की दूरी और लंगर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य होगा.
- कड़ा प्रसाद का वितरण फिलहाल नहीं होगा.
यह नियम रहेंगे महत्वपूर्ण
- इंट्री गेट पर सैनिटाइजर डिस्पैंसर व थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य
- फेस कवर या मास्क लगाये रखने पर ही इंट्री
- कोविड-19 संबंधित जागरूकता के लिए पोस्टर लगायें, ऑडियो-वीडियो क्लिप्स भी चले
- श्रद्धालु जूते-चप्पल अपने वाहन में ही रखें या सामूहिक रूप से बाहर सुरक्षित रखें
- धार्मिक परिसर के आस पास दुकान, स्टॉल व कैफेटेरिया के पास भी सोशल डिस्टैंसिंग मेंटेन हो
- अलग-अलग प्रवेश व निकासी की व्यवस्था रहे
- प्रवेश से पहले हाथ-पैर की साबुन से धुलाई सुनिश्चित हो
- परिसर में संचालित एसी का तापमान 24 से 30 डिग्री के बीच ही रहे


Add Comment