सहारनपुर/ उत्तर प्रदेश. जनपद में 11 नवंबर को जिले के कई हिस्सों में बिजली गुल रहेगी. इस संबंध में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जानकारी दी है. जिला अधिकारी के मुताबिक 11 नवंबर 2020 को 400 केवी विद्युत उपकेंद्र पीजीसीआईएल द्वारा पोषित जनपद के सभी 220 के वी पारेषण लाइनों की विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी. हालांकि उन्होंने उत्तराखंड से विद्युत आपूर्ति लेने की कोशिश के बारे में भी जानकारी दी.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि 220 केवी उपकेंद्र वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी. संबंधित क्षेत्रों में बिजली सुचारू रूप से चलाने के लिए उत्तराखंड से बिजली लेने की कोशिश की जा रही है.
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के द्वारा उत्तराखंड राज्य से सौ से डेढ़ सौ मेगावाट पावर 220kv सहारनपुर खोदरी व 220kv सरसावा खोदरी पारेषण लाइनों के द्वारा बिजली लेने की कोशिश की जा रही है ताकि जिले की जरूरी सेवाओं और शहरी क्षेत्र की आपूर्ति को सुनिश्चित कराया जा सके.
जनता से की सहयोग की अपील
विद्युत कटौती से संबंधित जानकारी देने के बाद जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिलेभर की जनता से सहयोग की अपील की है. उन्होंने विद्युत विभाग को सहयोग देने के लिए कहा है.उन्होंने कहा कि आपूर्ति बाधित होने से आने वाली परेशानियों के हल के लिये कोशिश की जा रही है.
इन क्षेत्रों में बत्ती रहेगी गुल
जनपद के 220 केवी उपकेंद्र सहारनपुर, सरसावा, बेहट और 132 केवी उपकेंद्र गागलहेड़ी, छुटमलपुर, अंबाला रोड प्रथम व द्वितीय, कोटा और नकुड क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति 11 नवंबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक बाधित रहेगी.

Add Comment