हैदराबाद का काकीनाडा. कूड़ा डंप करने के कई उपाय आपने देखे, सुने होंगे. ऐसे भी लोग अक्सर मिल जाते हैं जो सड़क पर ही कूड़ा फेंक देते हैं. ऐसे लोगों के लिए हैदराबाद से महज 55 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ईस्ट गोदावरी जिले में काकीनाडा शहर के नगर निगम ने योजना बनाई है. नगर निगम ऐसे लोगों को अब रिटर्न गिफ्ट देगा. रिटर्न गिफ्ट ऐसा जिसे कोई लेना नहीं चाहेगा. कहने का मतलब है कि जो व्यक्ति इस सड़क पर कूड़ा डालेगा, नगर निगम उस कूड़े को उठाकर उस व्यक्ति के घर में डाल देगा.
ईस्ट गोदावरी गोदावरी जिले के काकीनाडा शहर के नगर निगम कमिश्नर स्वप्निल दिनकर पुंडकर काकीनाडा के शांति नगर एकता क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे. अचानक उनकी नजर एक महिला पर पड़ी जो सड़क पर कूड़ा फेंक रही थी. पुंडकर ने उस महिला को रोका और उसी से सड़क पर फेंके गए कूड़े को उठाकर उसके ही घर पर डंप करा दिया. सोशल मीडिया पर अब इस मामले के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें पुंडकर कई लोगों को डांटते है तो कई को समझाते दिखाई दे रहे हैं. इतना ही नहीं वह लोगों द्वारा फेंके कूड़े को उनके घर के अंदर वापस डलवाते हुए भी देखे जा रहे हैं.
घर घर जाने के बावजूद नगर पालिका कर्मचारियों को कूड़ा ना देने वालों के खिलाफ यह मुहिम काकीनाडा म्युनिसिपल कारपोरेशन ने चलाई है जिससे लोग सड़कों पर कूड़ा ना फेंके. म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा है कि कई बार लोगों को समझाने के बावजूद भी सड़क पर कूड़ा फेंक रहे हैं. इससे शहर में जलभराव की समस्या होती है. उन्हें समझाने के लिए नगर निगम को यह कदम उठाना पड़ा.
म्युनिसिपल कारपोरेशन काकीनाडा ने स्वच्छता बनाए रखने के प्रयास में सड़क पर या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा कचरा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का फैसला किया है, जिसके बाद लोगों में इस बात को लेकर खासी चर्चा है. पूरे मामले की जानकारी काकीनाडा म्युनिसिपल कारपोरेशन के ट्विटर अकाउंट पर भी दी गई है.
माना जा रहा है कि म्युनिसिपल कमिश्नर के इस प्रयास से काफी बदलाव देखने को मिलेगा. कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि दूसरे नगर निगम और नगर पालिकाएं भी इनसे प्रेरणा लेकर ऐसे कदम उठा सकते हैं.

Add Comment