-3215 सक्रिय रोगियों से भरे पड़े हैं कोविड-19 अस्पताल
-मंडल में करीब 127 लोग दम तोड़ चुके हैं
-198657 के करीब नमूनों की हुई है जांच
-कोरोना से सहारनपुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
✍️गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता.
सहारनपुर. सहारनपुर मंडल में कोरोना से हाहाकार मचा हुआ है. 10280 के करीब मामले अब कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं. कमिश्नर संजय कुमार ने शनिवार को समीक्षा बैठक के बाद बताया कि सहारनपुर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के अनुसार सहारनपुर जिले में 5551 के करीब संक्रमित रोगी सामने आ चुके हैं. 72 के करीब की मौत हो चुकी है. करीब 1722 कोरोना संक्रमित रोगियों से कोविड-19 अस्पताल भरे पड़े हैं. कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि पूरे सहारनपुर मंडल में आज की तारीख तक करीब 2 लाख लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं. मुजफ्फरनगर जिले में करीब 3096 संक्रमित हैं, 43 के करीब की मौत हुई है. शामली में 1633 के करीब संक्रमित हैं, 12 के करीब रोगी अब तक मर चुके हैं और जो नए मामले सामने आए हैं संक्रमण के उनमें राजकीय मेडिकल कालेज के चिकित्सक भी शामिल हैं. सरसावा हवाई अड्डे के कर्मचारी, पुलिसकर्मी और अन्य कई अधिकारी , कर्मचारी शामिल हैं. नकुड़ सीएचसी प्रभारी अमन गोपाल के मुताबिक गांव बांदूखेड़ी निवासी 28 वर्षीय युवक रोहित की बुखार से मौत हो गई है. राजकीय मेडिकल कालेज में 62 वर्षीय एक रोगी की कोरोना से मौत हो गई है. शनिवार सुबह तक करीब 121 नए संक्रमित सामने आए थे बीती रात 115 के करीब लोगों को एकांतवास से छुट्टी दे दी गई. उधर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि कोविड और सफाई किट की खरीद में भाजपा नेता रामपाल पुंडीर की शिकायत पर उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण शरद पंवार श्रीवास्तव को जांच सौंपी है. पंचायत राज विभाग पर आरोप है कि वहां किट की खरीद को लेकर बड़ा गोलमाल हुआ है. पूरे सहारनपुर मंडल में कोरोना को लेकर जबरदस्त हाहाकार मचा है. रोगियों में जबरदस्त भय व्याप्त है. पूरे जिले में एंबूलेंस का अकाल पड़ गया है. सहारनपुर के मरीज दिल्ली, गुड़गांव, मेदांता, गाजियाबाद की ओर भाग रहे हैं. अस्पतालों में बदइंतजामी है. उचित और गुणवत्ता का घोर अभाव दिखाई दे रहा है. अस्पतालों में स्टाफ की भी भारी कमी है. कमिश्नर ने बताया कि वह मंडल के तीनों जिलाधिकारियों के संपर्क में हैं. हर हालत में स्थिति पर पूरा नियंत्रण पाने का काम करेंगे. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बेहतर नतीजे जल्द देने का वादा किया.

Add Comment