AGRA/ UTTAR PRADESH. कोरोना वायरस से जंग में बचाव के लिए आगरा शहर के मेयर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है. उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थिति के बिगड़ने के चलते चिंतित मेयर ने महामारी के आगरा में भयानक रूप लेने की चेतावनी जारी की है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर तुरंत ठोस कदम उठाने की गुजारिश की है. मेयर को आगरा शहर के चीन के वुहान बनने की शंका है.
आगरा के मेयर नवीन जैन ने शहर में कोरोनावायरस और स्थानीय जिला प्रशासन की लचर कार्यवाही से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को पत्र लिखकर अवगत कराया है. 21 तारीख को लिखा पत्र अब सोशल मीडिया पर 25 अप्रैल की रात से वायरल हो रहा है.
मेयर नवीन जैन ने लिखा कि
“मैं बहुत दुखी मन से आप को पत्र लिख रहा हूं कि मेरा आगरा शहर अत्यधिक कोरोना संकट के दौर से गुजर रहा है. इस समय आगरा को बचाने के लिए कड़े निर्णय लेने की आवश्यकता है. आगरा शहर में स्थिति अत्यधिक गंभीर हो चुकी है. इसलिए मैं आपसे हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं कि मेरे आगरा को बचा लीजिए. बचा लीजिए.”
पत्र में आगे लिखते हुए मेयर ने आशंका जाहिर की है कि
“आगरा देश का बुहान बन सकता है स्थानीय प्रशासन नकारा साबित हुआ है. हॉटस्पॉट एरिया में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटरों में कई-कई दिनों तक जांच नहीं हो पा रही. ना ही मरीजों के लिए भोजन पानी का उचित प्रबंध हो पा रहा है. स्थिति विस्फोटक है.
पत्र के जरिए मेयर ने शहर में हालात बिगड़ने के लिए और आम जनमानस को होने वाली परेशानी के लिए सीधे-सीधे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराया है.
हालांकि आगरा मॉडल काफी कारगर साबित हुआ था. इसकी मदद से जिला प्रशासन ने कोरोना की चैन को तोड़ भी दिया था. खुद स्वास्थ्य विभाग ने आगरा मॉडल की तारीफ करते हुए अन्य राज राज्यों से इस मॉडल को फॉलो करने की अपील की थी.
मेयर के इस पत्र के बाद आगरा की राजनीति में भी हलचल है. बेहद संवेदनशील मुद्दे पर प्रदेश सरकार का क्या रुख होता है यह भविष्य के गर्भ में छुपा हुआ है.



Add Comment