जीवन रक्षकों से दुर्व्यवहार से नाराज़ सरकार, जारी किए आदेश
लखनऊ. कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे लोगों के लिए उनका साहस ही उनकी कमजोरी बन गया है. मीडिया में कोरोना से बचाव कार्यों में लगे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से साथ दुर्व्यवहार की खबरें आ रही हैं.
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपने घर छोड़कर जाने और मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है. मीडिया में खबरें वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है. जिसका परिणाम आज उत्तर प्रदेश में देखने को मिला.
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार अवस्थी ने डीजीपी उत्तर प्रदेश, सभी मंडलायुक्त, गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर, सभी अपर पुलिस महानिदेशक जोन, सभी पुलिस महानिरीक्षक, सभी पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज, सभी जिलाधिकारी सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में पत्र लिखकर ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेकर उन्हें सख्ती से रोकने और चिकित्सक/ स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए कहा है.
गौरतलब है कि कुछ स्थानों पर कोरोना के बचाव कार्यों में लगे चिकित्सकों/ स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र के लोग घर छोड़कर चले जाने के लिए मजबूर कर रहे हैं. इतना ही नही किराये पर रह रहे लोगों को घर खाली करने के लिए कहा जा रहा है.
दरअसल, कोरोना को लेकर लॉक डाउन है, लोग डरे हुए हैं इसी के चलते ऐसी घटनाओं के सामने आने का कारण माना जा रहा है.

Add Comment