✍ *गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता
देवबंद। महिला से छेड़खानी को लेकर देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव साखन कलां में दो पक्षों में जातीय संघर्ष हो गया। दोनों ओर से पथराव फायरिंग में महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण किया। साथ ही दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार देवबंद कोतवाली क्षेत्र के साखन कलां गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी जगत सिंह ने गांव के बाहर डेयरी की हुई है।आरोप है कि शनिवार की रात्रि गांव के अनुसूचित जाति के कुछ युवक डेयरी की बराबर में बने साबिर के मकान में घुस गए और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब साबिर की पत्नी गुलिस्तां ने विरोध किया तो उक्त युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें वह घायल हो गई। इस बीच गुलिस्तां के शोर मचाने पर डेयरी पर बैठा जगत वहां पहुंचा और युवकों को धमकाकर वहां से भेज दिया। उस समय तो मामला निपट गया। रविवार इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इस दौरान पथराव और हवाई फायरिंग भी की गई। जिसमें जगत के भतीजे पंकज व अंकित घायल हो गए। पथराव में जगत के मकान में लगे शीशे टूट गए। इतना ही नहीं सड़क पर खड़ी आदर्श इंटर कालेज की बस और पड़ोस में रहने वाले पोपन कि कार भी पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय और इंस्पेक्टर देवबंद अशोक सोलंकी फ़ोर्स के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। सीओ रजनीश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में छेड़छाड़ कर रहे युवकों को रोकने को लेकर पथराव किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों पक्षो के एक-एक लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Add Comment