नई दिल्ली : महंगाई की मार झेल रही देश की आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. भारत की सबसे बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडेन ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं. जानकारी के अनुसार बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम में करीब 150 रुपये का इजाफा हुआ है. जो 12 फरवरी से लागू हो गई हैं. सभी महानगरों में बिना सब्सिडी वाले 14 किलो के रसोई गैस सिलिंडर के दाम में 144.50 रुपये से 149 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है. दिल्ली में 14.2 किलो वाला सिलिंडर 144.50 रुपये महंगा हो गया है. इसका दाम अब बढ़कर 858.50 रुपये हो गया. वहीं बात अगर कोलकाता की करे तो यहाँ सिलेंडर 149 रुपये से बढ़कर 896.00 रुपये हो गया. मुंबई में इसका दाम 145 रुपये बढ़कर 829.50 रुपये हो गया. वहीं चेन्नई में यह 147 रुपये बढ़कर 881 रुपये का हो गया है.
जानकारी के लिए आपको बता दें कि इससे पहले 1 जनवरी 2020 को रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए थे. हर महीने सब्सिडी और मार्केट रेट में बदलाव होता है, लेकिन फरवरी की शुरुआत में कोई बदलाव नहीं किया गया था. सूचना के मुताबिक रसोई गैस के कुल 27.6 करोड़ के करीब उपभोक्ता हैं. इनमें से करीब दो करोड़ को सब्सिडी नहीं मिलती है.

Add Comment