पटना/ बिहार. विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा को उसके अपने कार्यकर्ता ने धोखा दे दिया. कार्यकर्ता ने असली नेता के नाम से अपना नाम मिलने का फायदा उठाया और टिकट लेकर चंपत हो गया. बाद में मामला जानकारी आने पर पार्टी ने सिंबल रद्द कर दोबारा से सिंबल अलॉट किया.
पूरा मामला बिहार के समस्तीपुर जिले का है. समस्तीपुर के रोसड़ा सीट एनडीए गठबंधन भाजपा के कोटे में गई थी. जहां वीरेंद्र कुमार पासवान का नाम उम्मीदवार के रूप में पार्टी ने जारी किया था. वीरेंद्र कुमार पासवान पार्टी के स्थानीय जिला सचिव के पद पर हैं. सोशल मीडिया पर सूची वायरल होते ही वह हुआ जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी. पार्टी के एक कार्यकर्ता ने उम्मीदवार के नाम से अपना नाम मिलने का पूरा फायदा उठाया. भाजपा प्रदेश कार्यालय में उम्मीदवारों की लाइन लगी हुई थी. वीरेंद्र कुमार पासवान का नाम सूची में देखकर दरभंगा के रहने वाले वीरेंद्र पासवान ने खुद को वीरेंद्र कुमार पासवान बताकर रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र का पार्टी सिंबल ले लिया. फार्म में अपना नाम, पिता का नाम भर लिया और सिंबल लेकर नामांकन करने समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडल कार्यालय पर भी पहुंच गए.
पार्टी ने जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार पासवान को उम्मीदवार घोषित किया है. सोमवार को जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार पासवान दल बल के साथ पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां उन्हें वीरेंद्र कुमार पासवान को सिंबल देने की जानकारी दी गई. यह सुनने के बाद भाजपा नेताओं के होश उड़ गए क्योंकि पार्टी के प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार पासवान उनके सामने खड़े थे. अब ऐसे में सवाल उठ गया कि आखिर टिकट कौन ले गया?
भाजपा ने इसकी जांच के लिए काफी संख्या में कार्यकर्ताओं को रोसड़ा अनुमंडल कार्यालय भेजा. तब जाकर यह आश्चर्यजनक खुलासा हुआ. कार्यकर्ताओं को पता चला कि दरभंगा के रहने वाले वीरेंद्र पासवान चकमा देकर बीजेपी पार्टी का सिंबल ले आए हैं जिसकी सूचना प्रदेश कार्यालय को दी गई. सूचना के बाद स्थानीय मुख्यालय ने जारी किए गए सिंबल को रद्द करते हुए असली वीरेंद्र कुमार पासवान के नाम से नया सिंबल जारी किया.
सबसे रोचक यह हो गया है कि भाजपा के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर असली विरेंद्र कुमार पासवान और नकली वीरेंद्र पासवान के बारे में जानकारी दे रहे हैं और जनता से गुमराह होने से बचने की अपील भी कर रहे हैं. पूरे घटनाक्रम से पार्टी सकते में हैं.

Add Comment