सहारनपुर. नए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कल विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया था और जिले की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और समस्याओं को जानने के मकसद से आज पत्रकारों से बातचीत की. परिचय के बाद नवांगतुक जिलाधिकारी ने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी जिम्मेदारी है. इसके संबंध में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिलाधिकारी के बयान से लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों में कानाफूसी जारी है.
कलेक्ट्रेट सभागार पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश सिंह ने कहा कि वह फील्ड में जाकर लोगों से योजनाओं के द्वारा मिल रहे लाभ का सत्यापन करेंगे. लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाना उनका मकसद है. उन्होंने कहा कि अब केवल आंकड़ों पर विश्वास नहीं चलेगा बल्कि लाभार्थी परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता वह खुद देखेंगे.
उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करने को जोर देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इतना ही नहीं जनपद को साफ सुथरा बनाने के लिए नगर निगम व नगर पालिका के कर्मियों का साथ लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनके दरवाजे हमेशा लोगों के लिए खुले हैं. मिलने के समय में सभी से मुलाकात उनका लक्ष्य रहेगा, क्योंकि लोग दूर-दूर से आते हैं. स्वास्थ्य व्यवस्था के बारे में उन्होंने मरीजों के रेफर करने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि इस संबंध में कारणों को जानने के लिए डाटा तलब किया जाएगा. रोगियों को सही उपचार दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की छवि को बरकरार रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. सांप्रदायिक सौहार्द भाईचारा बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हर वर्ग, हर तबका समाज का अंग है. इससे पूर्व जिलाधिकारी ने न्यायिक अभिलेखागार, राजस्व अभिलेखागार, खनन अनुभाग, सब रजिस्ट्रार कार्यालय, जिला प्रोबेशन कार्यालय और कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर जानकारियां हासिल की. प्रेस से मुखातिब होने के दौरान उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एस बी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, एसडीएम सदर, नगर मजिस्ट्रेट, डिप्टी कलेक्टर दीप्ति सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे.

Add Comment