उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान का भी कोई खास फर्क पड़ता हुआ अभी तक नजर नहीं आया. कौशांबी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना प्रकाश में आई है. बुखार से पीड़ित एक युवती का डॉक्टर और स्टाफ ने अस्पताल में गैंगरेप कर उसकी हत्या कर दी.
पिता ने मांगा न्याय
मंझनपुर थाना क्षेत्र में हुई घटना से दुखी युवती के पिता ने कुछ दिन पहले जिलाधिकारी को शिकायत पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट जांच की मांग की थी. जांच के दौरान डाक्टर और स्टाफ पर लगाए गए सभी आरोप सही साबित हुए.
क्या थी घटना
दरअसल कोखराज थाना क्षेत्र के एक परिवार ने 1 महीने पहले अपनी बेटी को बुखार के चलते न्यू तेजवती अस्पताल में भर्ती करवाया था जहां उसके साथ गैंग रेप किया गया था. युवती ने अपने परिवार के लोगों को इलाज के दौरान अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर गैंगरेप करने की जानकारी दी थी. इसके बाद पीड़िता की मौत हो गई थी. उस समय डॉक्टरों ने युवती की दिमागी हालत खराब बताकर पूरे मामले को दबा दिया था.
एक्शन में प्रशासन
13 अक्टूबर को जिले के जिलाधिकारी को पीड़ित परिवार ने पत्र लिखकर मौत की पर न्याय की गुहार लगाई थी. जिसके बाद एडीएम न्यायिक विश्राम यादव ने एक स्पेशल टीम गठित कर मामले की जांच मजिस्ट्रेट से कराने के निर्देश दिए थे. इस टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट जिले के बड़े अधिकारियों को सौंप दी है. शुक्रवार की देर रात अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ में लगी है. ( साभार)

Add Comment