Saharanpur/UP. वैश्विक महामारी कोरोना के चलते त्योहारों के रंग भी फीके पड़ गए हैं. त्योहारों में हर्ष उल्लास की कमी दिखाई देती है. जहां कोशिश होती है वहां कोविड-19 से सुरक्षा के चलते रंग फीका पड़ जाता है. बावजूद इसके सुरक्षा के लिहाज से समय-समय पर प्रशासन आदेश जारी कर रहा है. अब जिलाधिकारी ने ब्यूटी पार्लर से जुड़े लोगों के लिए आदेश जारी किए हैं.
मेहंदी लगाने वालों का होगा कोविड-19 टेस्ट
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह जानकारी दी है कि बिना कोविड-19 की जांच कराएं किसी को भी मेहंदी लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. गौरतलब है मेहंदी से जुड़ा बड़ा त्यौहार करवा चौथ आने वाला है जिसको लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहता है. महिलाएं मेहंदी के लिए ब्यूटी पार्लर का रुख करती हैं. हाथ पर मेहंदी सजाना महिलाओं को बेहद पसंद है. जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा है कि मेहंदी लगाने के काम से जुड़े पुरुष या महिला को कोविड-19 टेस्ट कराना होगा.
30 अक्टूबर को विशेष जांच
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह 30 अक्टूबर 2020 को कोर्ट रोड नेहरू मार्केट रोड सहित दो स्थानों पर कोविड-19 जांच के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को मेहंदी लगाने वाले अपना कोविड-19 टेस्ट इन कैंपों से करा सकते हैं. उन्होंने लोगों से अपील भी की कि वह निर्धारित स्थानों पर शुक्रवार को कोविड-19 की जांच करा लें.
आदेश की अवहेलना पर होगी बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा है कि बिना कोविड-19 टेस्ट कराए कोई भी महिला या पुरुष मेहंदी नहीं लगा सकते. अगर ऐसा करता हुआ कोई पाया जाएगा तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना अक्षम्य होगी.

Add Comment