लखनऊ. देशभर में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार में कमी के साथ ही अनलॉक की शुरुआत भी हो गयी है. एक महीने तक राज्य में तालाबंदी के बाद सरकार ने अनलॉक को लेकर नयी गाइडलाइन जारी की है. सरकारी आदेश के मुताबिक एक जून से उत्तर प्रदेश के 20 जिलों को छोड़कर अन्य जिलों में सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू में ढील दी जायेगी.
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उन जगहों पर कोरोना कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जायेगी जहां कोरोना संक्रमण के मामले 600 से अधिक आ रहे हों. हालांकि वीकेंड कर्फ्यू अभी जगहों पर जारी रहेगा. आदेश के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, मेरठ, कानपुर नगर, प्रयागराज, आगरा जैसे 600 से अधिक एक्टिव केस वाले कुल 20 जिलों में सख्ती और बढ़ाई जाएगी, ताकि यहां भी केस कम हो सकें. अगले आदेश तक इन 20 जिलों में कोरोना कर्फ्यू यथावत जारी रखा जाएगा.
क्या कुछ कहा सीएम ने
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी आज(रविवार) को कहा कि जिन जिलों में 600 से अधिक केस आ रहे हैं, वहां पाबंदियां जारी रहेंगी लेकिन 55 जिलों से हमने पाबंदियां घटा दी हैं. अब सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जायेगी.
मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फेंस में कहा कि प्रदेश में आज कोरोना संक्रमण के 1900 मामले दर्ज किये गये हैं. प्रदेश में अभी 41 हजार एक्टिव केस हैं. प्रदेश में अभी मृत्युदर सबसे कम और रिकवरी रेट पूरे देश में सबसे ज्यादा है.
अनलॉक के लिए क्या है गाइडलाइन?
अनलॉक के गाइडलाइन के अनुसार सरकारी कार्यालयों को 50 प्रतिशत उपस्थिति के खोला जा सकेगा.
निजी कार्यालयों को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार खोला जायेगा.
स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे.
सब्जी मंडी पूर्व की भांति ही खुली रहेगी.
शादी समारोह अन्य आयोजनों में बंद स्थानों अथवा खुले स्थानों पर एक समय में अधिकतम 25 आमंत्रित अतिथियों कोरोना प्रोटोकॉल के साथ शामिल होने की इजाजत होगी.
वहीं शव-यात्रा में कोविड -19 के प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए अधिकतम 20 व्यक्ति सम्मिलित हो सकेंगे.
औद्योगिक संस्थान खुले रहेंगे एवं इन संस्थाओं में कार्यरत कर्मियों को अपने आईडी कार्ड या इकाई के प्रमाण-पत्र के आधार पर आने जाने की अनुमति मिलेगी. कोचिंग संस्थान , सिनेमा , स्वीमिंग पूल, बार एवं शापिंग मॉल पूर्णतः बंद रहेंगे.
गौरतलब है कि राज्य में 30 अप्रैल से कोरोना कर्फ्यू लगाया गया था जिसे तकरीबन चार बार बढ़ाया गया था और इसे 31 मई तक कर दिया गया था. यूपी में कोरोना के मामलों में गिरावट तो दर्ज की गयी है लेकिन काफी समय तक यह राज्य संक्रमण के नये मामलों के कारण चर्चा में रहा.
इन जिलों में जारी रहेगा कोरोना कर्फ्यू
मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर , वाराणसी , गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, झाँसी, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, जौनपुर, बागपत , मुरादाबाद, गाजीपुर, बिजनौर एवं देवरिया में केस अधिक होने के कारण अभी तालाबंदी को जारी रखने का फैसला सरकार ने किया है.




Add Comment