उत्तर प्रदेश. राज्य में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद टीम-9 का गठन किया गया है. अस्पताल से लेकर ऑक्सीजन सप्लाई और मरीजों की भर्ती तक की व्यवस्था का जिम्मा टीम 9 को दिया गया है.
कौन-कौन होगा टीम लाइन में
शासन के निर्देश के बाद हर जिले में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और एडीएम समेत अन्य अधिकारियों को शामिल करते हुए 9 तरीके से काम करने वाली टीम का गठन किया गया है जो मरीजों के सामने आने वाली समस्याओं का निदान करायेंगे.
जानिए कौन सी टीम क्या काम करेगी
जनपद स्तर पर बनी टीम-9 में पहली टीम सरकारी और निजी अस्पतालों के आईसीयू और ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की निगरानी करेगी. अस्पतालों में कर्मचारियों की व्यवस्था और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने का कार्य भी यही टीम करेगी.
दूसरी टीम के जिम्मे जिले में एंबुलेंस सेवाओं के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी है. इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के नियमित रूप से समीक्षा भी दूसरी टीम करेगी.
तीसरी टीम शासन और अन्य जिलों से महत्वपूर्ण विषयों पर कोआर्डिनेशन करेगी. अपने जिले की रिपोर्ट शासन को देगी. शासन से आने वाली चिट्टियों का उसी दिन जवाब देगी. गो आश्रय स्थलों में भूसे, चारे की व्यवस्था के साथ अन्य विभागों से समन्वय की जिम्मेदारी भी तीसरी टीम के हिस्से ही है.
चौथी टीम जिले में औद्योगिक इकाइयों और व्यवसायिक इकाइयों के संचालन पर नजर रखेगी. सभी इकाइयों में कोविड-19 हेल्प डेस्क की स्थापना कराएगी. इसके साथ ही इन यूनिटों में काम करने वाले श्रमिकों, कर्मचारियों की समस्याओं का निदान भी कराएगी.
जिले की पांचवी टीम गेहूं खरीद की व्यवस्था, समय से भुगतान, किसानों को खाद बीज आदि की व्यवस्था करने का काम करेगी. समिति यह भी सुनिश्चित करेगी की सभी जरूरी सामान आम लोगों को उचित मूल्य पर मिल सके.
छठी टीम ऑक्सीजन की समय पर व्यवस्था कराने इसके लिए शासन और अन्य जिलों सप्लायरों, ट्रांसपोर्टरों से समन्वय स्थापित करेगी.
सातवीं टीम प्रवासी कामगारों के जिले में आने पर रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशन, ग्राम पंचायतों और वार्ड में उनकी जांच कराने क्वारंटाइन करने की व्यवस्था करेगी.
आठवीं टीम कंटेनमेंट जोन में प्रभावी व्यवस्था करने, पूरे जिले में मास्क की चेकिंग करने, साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन कराने का काम देखेगी. इसके अलावा कारागार में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन कराने, रिजर्व पुलिस लाइन में कोविड-19 सेंटर बनाने और संचालित करने का जिम्मेदारी भी आठवीं टीम को ही दी गई है.
नौवीं टीम जिले के सभी नगरीय और ग्रामीण इलाकों में सफाई और सैनिटाइजेशन कराने, इसकी समीक्षा का काम करेगी. पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की व्यवस्था को लागू कराने के साथ ही पूरे जिले में पेयजल की व्यवस्था को ठीक रखने की जिम्मेदारी भी नौवीं टीम को ही दी गई है.


Add Comment