मुजफ्फरनगर/ उत्तर प्रदेश. कानपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 8 पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद पुलिस महकमे ने मुख्यमंत्री के आदेश से अपराधियों के लिए ऑपरेशन क्लीन शुरू कर दिया है.
अपराध का पर्याय बन चुके अपराधियों को पुलिस बक्शने के मूड में नहीं है.
आज कानपुर कांड के दोषी विकास दूबे पर पुलिस ने इनाम बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया. इसी बीच मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक यादव ने सुशील मूंछ, संजीव जीवा और मीनू त्यागी पर शिकंजा कसते हुए इनके द्वारा की गई किसी भी गतिविधि के लिए अपना नंबर जारी किया है. इतना ही नहीं 15 महीने पहले मेरठ में पुलिस हिरासत से फरार होने वाले बदन सिंह बद्दो की फरारी के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने का नोटिस जारी कर दिया है.
अभिषेक यादव ने आमजन को मैसेज जारी करते हुए कहा कि
” मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि यदि सुशील मूंछ, संजीव जीवा या मीनू त्यागी गैंग व उसके किसी सहयोगी साथी या अपराधी द्वारा किसी से भी अवैध वसूली, रंगदारी, महीना कुछ भी मांगा जाता है या मांगा गया है तो सीधे एसएसपी मुजफ्फरनगर 9454400314 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप से अवगत कराएं.”
एसएसपी ने आगे अपने बयान में कहा कि
“मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि आप की संपूर्ण जानकारी केवल मेरे द्वारा ही सुनी जाएगी. पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. आपसे कभी भी एफ आई आर करवाने के लिए या कोई निश्चित कंप्लेंट देने के लिए नहीं कहा जाएगा, ना ही कोई पुलिसकर्मी आपसे कोई पूछताछ करेगा.”
एसएसपी मुजफ्फरनगर के इस बयान के बाद बड़ी कार्रवाई के संकेत स्पष्ट हैं.



Add Comment