सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. व्यापारियों की बाजार खोलने की लगातार मांग के बाद जिला प्रशासन ने दोनों और के बाजार खोलने के लिए अपनी हामी भर दी है. कोरोना की चुनौतियों के बीच बाजार को खुलवाना और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. आज 33 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है. जिसने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
सहारनपुर जिले के व्यापारी लेफ्ट राइट सिस्टम पर बाजार खुलने के तरीके पर अपना विरोध लगातार जता रहे थे. बुधवार दिन में व्यापारियों की एक बैठक जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के साथ हुई जिसके बाद जिला प्रशासन ने बाजार को दोनों और खोलने की 6 दिन के लिए अनुमति दे दी. साथ ही साथ जिले में साप्ताहिक अवकाश के दिन ही अब बाजार बंद रहेंगे ऐसा भी प्रशासनिक आदेश है. हालांकि इस आदेश का एक सप्ताह तक अवलोकन किया जाएगा उसके बाद आगे निर्णय लिया जाएगा. जिलाधिकारी के आदेश देने के चंद घंटे बाद ही कोरोना की ताजा रिपोर्ट आई जिसमें 33 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए. ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन के साथ बाजार को खुलवाना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा.
बुधवार को 33 पॉजिटिव मिले
आज शाम कोविड-19 की रिपोर्ट में 33 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई जिससे प्रशासन हैरान रह गया. तमाम सुरक्षा और दावों के बीच कोरोना के संक्रमण की रफ्तार दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. ऐसे में बाजार खुलने के साथ ही बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क के नियमों का पालन कराना किसी चुनौती से कम नहीं होगा.
जिले में कोरोना की प्रशासन को चुनौती
जनपद में कोरोना संक्रमण की गति ने जिला प्रशासन को खुली चुनौती दी है. बुधवार को आई रिपोर्ट में महानगर के विनोद विहार, आवास विकास, शिवाजी नगर, के एक-एक, सरसावा, सोना सैयद माजरा, बाबूपुर, कुंडा कला के भी एक-एक मरीज कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए जबकि देवबंद के सात और नगर के ही ईदगाह रोड के 13 मरीज पॉजिटिव मिले. वर्तमान में जिले में कोरोना के संक्रमण के 492 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 370 लोगों ने महामारी को मात दे दी है. वहीं 12 लोग डिस्चार्ज होकर अपने घर गए. पिछले 24 घंटे में 33 रिपोर्टों के बाद जिले में हॉटस्पॉट केंद्रों की संख्या 17 हो गई है जबकि टोटल एक्टिव केस 119 हो चुके हैं.
मास्क सैनिटाइजर के प्रयोग का व्यापारियों ने दिया भरोसा
संक्रमण के खतरे के बीच बाजार खुलने को लेकर उत्साहित व्यापारियों ने जिला प्रशासन को मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग समेत तमाम सुरक्षा नियमों पर सहयोग देने का और उसके अनुपालन करने का आश्वासन दिया है वहीं जिलाधिकारी ने सभी से कहा है कि नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए.



Add Comment