मार्च के महीने से बंद चले आ रहे स्कूलों को खोलने की दिशा में सरकार ने एक कदम और आगे बढ़ाया है. केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक राज्य सरकारों ने अपने-अपने राज्य में स्कूलों को खोलने के संबंधित आदेश जारी किए. उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में 15 अक्टूबर से स्कूल खोले गए हैं. हालांकि, ऐसे स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक की क्लासों को शुरू करने की अनुमति दी गई है. अब दूसरे चरण में इसमें कई राज्य शामिल हो जाएंगे जिन्होंने नवंबर में स्कूल खोलने का प्लान बना लिया है. हालांकि कंटेनमेंट जोन के संस्थानों को अभी भी बंद रखने के ही आदेश है. ऐसे संस्थानों में ना तो बच्चे आ सकेंगे ना ही ऐसे स्थानों के बच्चे दूसरे स्थानों के स्कूलों में जा सकेंगे.
पंजाब में खुलेंगे स्कूल
पंजाब सरकार ने रिसर्च कॉलेज, तकनीकी संस्थानों और मेडिकल शिक्षा को खोलने का निर्णय लिया है. सरकार के आदेश के मुताबिक 16 नवंबर से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के अंतिम वर्ष के क्लास शुरू किए जाएंगे. हालांकि सरकार का यह फैसला उन क्षेत्रों के लिए है जो इलाके कोरोना संक्रमण से पूरी तरह से छुटकारा पा चुके हैं और कंटेनमेंट जोन में नहीं आते हैं. गुरुवार को सरकार के आदेश में कहा गया है कि 16 नवंबर से खुलने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रशासकीय विभागों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और पंजाब सरकार के कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा.
ऐसे संस्थानों को खोलने के लिए जो भी जरूरी नियम और सुविधाएं हैं उसे देना होगा और नियमों को ध्यान में रखना होगा.
हरियाणा में 16 नवंबर से खुलेंगे स्कूल
हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण में कमी आने के बाद 16 नवंबर से कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलने का निर्णय लिया है. क्लास में छात्रों के बैठने को लेकर अभी कोई ठोस फैसला सरकार की ओर से नहीं हो सका है. कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही सरकारी फैसला लिया जाएगा, ऐसा माना जा रहा है.
पश्चिम बंगाल में 1 दिसंबर से खुलेंगे स्कूल के गेट
पश्चिम बंगाल सरकार ने 30 नवंबर तक राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है. सरकार ने निर्देश दिया है कि यदि 30 नवंबर तक हालात सामान्य नहीं होते तो इस स्कूल में तालाबंदी आगे बढ़ाई जा सकती है. हालात सामान्य होने की स्थिति में स्कूल कॉलेजों को 1 दिसंबर को खोलने पर फैसला लिया जा सकता है.
दिल्ली में स्कूलों को खोलने पर सरकार का जवाब
पिछले दिनों दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार की ओर से संकेत दिया था कि सरकार कोरोना मामले कम होने पर सरकारी स्कूलों पर फैसला लेगी. इस बात पर भी ध्यान दिया जाएगा कि कितने स्कूल खोलने को तैयार हैं? अगले आदेशों तक फ़िलहाल राजधानी दिल्ली में स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे.
यूपी में 19 नवंबर से जूनियर और 1 दिसंबर से प्राइमरी स्कूल खोलने की तैयारी
पिछले दिनों मीडिया में आईं रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के सभी सरकारी, प्राइमरी तथा उच्च प्राइमरी स्कूलों को खोलने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए गाइडलाइन तैयार कराई जा रही है. जूनियर की कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं 19 नवंबर से शुरू कराने की योजना है. इसके ठीक 11 दिन बाद एक दिसंबर से प्राइमरी स्कूल भी खोले जाएंगे. स्कूलों में किस तरह बच्चे आएंगे? इनकी संख्या क्या होगी? कैसे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होगा? उनके मिड डे मील का क्या इंतजाम होगा? इन सबके लिए बेसिक शिक्षा विभाग गाइडलाइन तैयार करा रहा है. इन्हीं गाइडलाइन के अनुसार ही स्कूल संचालित होंगे.
बेसिक शिक्षा विभाग पिछले सोमवार से एक हफ्ते तक माध्यमिक स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति की स्थिति का परीक्षण करवा रहा है. कितने प्रतिशत अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजने पर सहमति दी है? और कितने नहीं. इसके परीक्षण के बाद ही बेसिक शिक्षा विभाग अंतिम निर्णय लेगा.
अन्य राज्यों में क्या है स्कूलों की स्थिति
अन्य राज्यों की बात करें आंध्र प्रदेश ने राज्य के स्कूल 2 नवंबर से खोलने का फैसला लिया जबकि छत्तीसगढ़ सरकार ने सूबे में कोरोना की स्थिति को देखते हुए स्कूलों को बंद रखने का ऐलान किया है. मेघालय में सरकार स्कूल खोलने का ऐलान कर चुकी है. सरकार ने कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को केवल कंसल्टेशंस में स्कूल आने की अनुमति दी है जबकि नौवीं और दसवीं के छात्रों को भी कंसल्टेशन के लिए अनुमति होगी.

Add Comment