उत्तर प्रदेश का सहारनपुर. प्रतिदिन कोरोना की रिपोर्ट में गिरावट को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित 600 से कम सक्रिय मामले वाले जनपदों को पाबंदी से बाहर निकालने के क्रम में महज़ 24 घंटे के अंदर सहारनपुर जिला अनलॉक हो गया. कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच प्रदेश भर में 30 अप्रैल से कोरोना कर्फ्यू का ऐलान किया गया था. एक-एक सप्ताह बढ़ाते बढ़ाते तकरीबन 37 दिन तक उत्तर प्रदेश के सभी जिले तालाबंदी में रहे.
मामलों में गिरावट देखने के बाद प्रदेश सरकार ने रविवार को 71 जिलों से कर्फ्यू वापस ले लिया था. हालांकि, रात का कर्फ्यू जारी रखा गया. जिलाधिकारियों को अपने जनपद में विवेक के अनुसार छूट और पाबंदी लगाने का अधिकार दिया गया है. सरकार के ऐलान के महज़ 24 घंटे बाद सहारनपुर भी लॉकडाउन से बाहर आ गया. प्रशासनिक व्यवस्था के चलते सहारनपुर में 600 से नीचे मामले आ गए. राज्य सरकार ने दिन में ही सहारनपुर को अनलॉक करने की घोषणा की. देर शाम तक सोशल मीडिया पर अनलॉक मैसेज तैरने के बाद खबर जिलाधिकारी के एलान के बाद जमीन पर उतरी.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सोमवार की शाम 3 पन्नों के अपने आदेश में शासन के निर्देश का हवाला दिया और कहा कि सहारनपुर में कंटेनमेंट जोन के बाहर 8 जून 2021 दिन मंगलवार से सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक कंटेंमेंट ज़ोन से बाहर गतिविधियों को करने की अनुमति होगी. हालांकि, रात का कर्फ्यू जारी रहेगा. इतना ही नहीं जिले में शनिवार और रविवार को भी साप्ताहिक बंदी और करोना कर्फ्यू लागू रहेगा.
क्या हुआ दुकानों का समय?
जिलाधिकारी के नए आदेश के मुताबिक जनपद के सभी दुकान और बाजार सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक यानी 12 घंटे खुलेंगे. वही रात के 7:00 से सुबह 7:00 तक कोरोना कर्फ़्यू जारी रहेगा. बाजार सप्ताह में 5 दिन ही खुल सकेंगे. शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी और कोरोना कर्फ़्यू जारी रहेगा.
सप्ताहिक बंदी के दौरान पूरे जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन, फागिंग का अभियान चलाया जाएगा. दुकानदारों को सख्त निर्देशित किया गया है कि दुकान पर स्टाफ मास्क और 2 गज की दूरी के साथ सैनिटाइजर की व्यवस्था जारी रखें. इस व्यवस्था को ग्राहकों को भी पालन करना होगा. अन्यथा की स्थिति में दुकानदार और ग्राहक दोनों के साथ ही शक्ति बरती जाएगी. जिलाधिकारी ने कहा कि नियमों के उल्लंघन में महामारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सुपर मार्केट को भी मास्क की अनिवार्यता और 2 गज की दूरी और सैनिटाइजर की व्यवस्था के साथ खोलने की अनुमति दी गई है.
जिलाधिकारी की चेतावनी
डीएम अखिलेश सिंह ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में सक्रिय कोरोनावायरस की संख्या 600 से कम है यही कारण है कि यहां छूट को जारी किया गया है. अगर फिर से 600 से ऊपर सक्रिय केस होते हैं तो पाबंदियों को फिर से लागू कर दिया जाएगा. ऐसे में सभी को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले को कोरोना से मुक्त रखना है, बंधनों से मुक्त रखना है तो सावधानी और सुरक्षा को अपनाना होगा.





Add Comment