✍️ गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता .
सहारनपुर। सहारनपुर जनपद एवं मंडल से एक ही दिन में 280 नए कोरोना संक्रमित निकलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं एकाएक बढ़ गई हैं। प्रशासन युद्धस्तर पर अपनी सक्रियता बनाए हुए है। कमिश्नर संजय कुमार ने सहारनपुर के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, शामली की जिलाधिकारी जसजीत कौर और मुजफ्फरनगर की डीएम के साथ-साथ तीनों जिलों के सीएमओ से आज पूरे मंडल की स्थिति की जानकारी ली और पूछा कि रोगियों को किसी तरह की कोई असुविधा तो नहीं हो रही है। जिलाधिकारी सहारनपुर ने बताया कि 107 के करीब नए संक्रमित केस सहारनपुर में निकले हैं और 138 के करीब मरीज इसी दौरान स्वस्थ भी हो गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल संक्रमित 5965 के करीब हो गए हैं। इनमें 4220 के करीब रोगी स्वस्थ हो गए हैं। अब सहारनपुर जिले में 1665 के करीब सक्रिय रोगी शेष बचे हैं। इस दौरान करीब 81 लोगों की मौत हुई है, जिसमें 24 घंटे के दौरान चार लोगों की जान जा चुकी है। सीएमओ डा. बीएस सोढी और डा इंद्रराज सिंह सीएचसी प्रभारी देवबंद ने बताया कि देवबंद में नए 14 मामले, सरसावा में 14 मामले, पुआंरका में 6 मामले, सहारनपुर नगर से 43 नए मामले, सढोली कदीम से 7, नकुड़ और मुजफ्फराबाद से 3-3, गंगोह रामपुर मनिहारान से 2-2, नागल के एचएचओ जितेंद्र सिंह और जिले के अन्य ग्रामीण स्थानों से 12 युवक जिनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच हैं वे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने और डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों से कहा है कि जो भी नागरिक कोरोना के नियमों का उल्लंघन करता हुआ दिखाई दे, बिना मास्क के भीड़भाड़ बीच के बीच रहता है, मास्क का इस्तेमाल नहीं करता है। उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें। जो भी दुकानदार आक्सीजन सिलेंडरों या कोविड-19 में इस्तेमाल होने वाले दवाईयों और उपकरणों की कालाबाजारी करता है उनके खिलाफ डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए है। मंडल के मुजफ्फरनगर जिले में करीब 94 नए मामले सामने आए हैं और वहां 3521 के करीब मामले संक्रमण के हो गए हैं और 1135 के करीब सक्रिय रोगी शेष बचे हैं। सबसे बुरा हाल सहारनपुर मंडल में 4465 के करीब सक्रिय रोगी हो गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 1812 के करीब शामली जिले में है। 152 के करीब मौतों के बाद सहारनपुर मंडल में कोरोना को लेकर आमजन के बीच दहशत का माहौल व्याप्त है। यह सबसे ज्यादा चिंता की बात सहारनपुर मंडल में एंबुलेंस की उपलब्धता का ना होना है। सहारनपुर का राजकीय मेडिकल कालेज एक ऐसा स्थान बन गया है जहां रोगियों की सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। अकेले राजकीय मेडिकल कालेज में करीब 80 मौतें कोरोना संक्रमितों की हो चुकी हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने आज इस बारे में संवाददाताओं को बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर बने हुए हैं। प्रदेश के अपर मुख्य स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद लगातार कमिश्नर सहारनपुर डीएम के संपर्क में बने हुए हैं। यहां से लगातार फीडबैक ले रहे हैं।

Add Comment