नयी दिल्ली : भारतीय राजनीति को विश्व पटल पर उकेरने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चेहरे को लेकर खुलासा किया है. शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने वाले बच्चों से बात करते पीएम ने अपने चेहरे के हमेशा चमकते रहने के राज से पर्दा हटा दिया.
बच्चों से मुखातिब पीएम ने कहा कि एक बार किसी ने उनसे बहुत साल पहले पूछा था कि उनके चेहरे पर इतना तेज क्यों है? मैंने बड़ा आसान जवाब दिया था. मैंने कहा कि मेरे शरीर से इतना पसीना निकलता है, मेहनत करता हूं… उसी पसीने से चेहरे पर मालिश करता हूं, इससे वह चमक जाता है.
प्रधानमंत्री मोदी बच्चों को शरीरिक श्रम के महत्व से अवगत करवा रहे थे. उन्होंने कहा कि एक बालक भी ऐसा नहीं होना चाहिए जिसे दिन में चार बार पसीना न आये. उन्होंने बच्चों को खड़े-खड़े नहीं, बल्कि बैठकर पानी पीने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पानी का अपना स्वाद होता है और इसे जूस की तरह से आनंद लेकर पीना चाहिए. इससे शरीर को फायदा होता है.
पीएम ने बच्चों से दूध पीने के तरीके और उससे होने वाले फायदों पर भी चर्चा की और बताया कि कई बार ऐसा होता होगा कि आप दूध को झट से दवा की तरह पी जाते हैं क्योंकि मां कहती है कि जल्दी से पी जाओ. मोदी ने कहा, कभी-कभी तो मां दूध लेकर आती है और कोई काम है या टीवी सीरियल चल रहा है तो मां कहती है कि जल्दी-जल्दी दूध पी ले और आप भी दूध दवाई की तरह पी लेते हैं, क्योंकि मां को सीरियल देखने बैठना है.
मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कौन सा (सीरियल)? ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’. पीएम के चुटीले अंदाज़ पर बच्चों ने ठहाके भी लगाये. इस दौरान बच्चों के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस बेबाक़ी और चुटीले अंदाज़ पर टीवी सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की नायिका स्मृति ईरानी भी अपने को हंसने से रोक नही पायीं.


Add Comment