सहारनपुर का नाम सुनते ही आपको देवबंद में सीएए के विरोध में हुए प्रदर्शन की याद ताजा हो गई होगी. देवबंद ही वह जगह थी जहां सिटीजन अमेंडमेंट एक्ट के विरोध में प्रदर्शन शुरू हुआ था लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था के चलते प्रदर्शन आगे नहीं बढ़ पाया. सहारनपुर जिला प्रशासन ने जनपद के जिम्मेदार लोगों को अपने विश्वास में लेकर प्रदर्शन की चिंगारी जलने से पहले बुझा दी. आज फिर एक बार कुछ शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की लेकिन अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए. प्रशासनिक सूझबूझ के चलते दंगाइयों के मंसूबे पानी-पानी हो गए. कुछ लोगों को जिला प्रशासन ने चिन्हित भी किया है जिन पर कार्रवाई करने की तैयारी प्रशासन ने की है.
सहारनपुर। सीएए व एनआरसी के विरोध में बुलाये गए भारत बंद के दौरान शहर के खाताखेडी क्षेत्र में जुलूस निकाले जाने को लेकर पुलिस के साथ लोगों की तनातनी हो गयी. इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लेने के साथ ही कई लोगों को चिह्नित किया गया है.
बंद के मद्देजनर सुबह से ही पुलिस पूरी तरह अलर्ट थी. जगह-जगह पीएसी और पैरामिल्ट्री फोर्स के जवान तैनात रहे तो एसएसपी दिनेश कुमार पी व एसपी सिटी विनित भटनागर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे. मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष नजर रखी.
मुस्लिम गढ़ माने जाने वाले शहर के खाता खेड़ी में कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक बाहरी तत्वों ने यहां आकर क्षेत्रीय लोगों को बरगलाकर जुलूस निकालने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर एसपी सिटी विनीत भटनागर तत्काल पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर ऐसा करने से रोक दिया गया.
एसएसपी दिनेश कुमार पी ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताने का सभी को अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी. उन्होंने बताया कि कुछ मुस्लिम इलाकों में कुछ समय के लिए बाजार बंद हुए थे जो बाद में खुल गए. कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जिन्हें हिरासत में लिया गया है. कई को चिन्हित भी किया गया है. नोटिस भेजे जा रहे हैं. जरूरत पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी.
पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद में कोई भी घटना नही घटी. बंद का भी मिला जुला असर देखने को मिला. जहां मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बंद सफल रहा वहीं अन्य क्षेत्रों में बंद बेअसर रहा. जिलाप्रशासन की कार्यशैली की आमजन ने जमकर सराहना की और धन्यवाद दिया.



Add Comment