तकरीबन 1 साल से बंद पड़े स्कूल अब उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से खुल जाएंगे. स्कूल खुलने की खबर से स्कूल संचालकों में खुशी का माहौल है. कोरोनावायरस के चलते राज्य भर में मार्च 2020 से बंद स्कूल 10 फरवरी को फिर से खुल जायेंगे. सरकार का यह आदेश सभी सरकारी निजी और सभी तरह के बोर्ड जैसे सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड के लिए प्रभावी होगा.
सरकार की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक छठी से लेकर आठवीं तक के लिए 10 फरवरी को स्कूलों के ताले खोल दिए जाएंगे जबकि कक्षा 1 से 5 तक के स्कूलों के ताले 1 मार्च से खुल जाएंगे.
हालांकि विशेष बात यह है कि छात्र स्कूल अभिभावकों की सहमति से ही जा सकेंगे. शारीरिक उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी. कक्षा 9 और 11 के छात्रों के साथ-साथ पॉलिटेक्निक और आईटीआई सहित डिग्री डिप्लोमा संस्थानों के लिए सभी स्कूल 5 फरवरी से फिर से खोले जा रहे हैं.
राज्य सरकार ने सभी स्कूल कॉलेजों से कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करने की अपेक्षा की है.
बेसिक शिक्षा मंत्री स्कूलों को लेकर कई प्रमुख बात
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों को खोले जाने के संबंध में बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी ने जानकारी दी और कहा
कोरोनावायरस को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा समय समय पर आने वाली गाइडलाइंस के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों में रेगुलर पढ़ाई शुरू करवाने का निर्णय लिया गया है. प्रदेश के उच्च प्राथमिक स्कूल कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों के लिए शिक्षण कार्य 10 फरवरी 2021 से शुरू होगा. वहीं प्राथमिक स्कूल जिनमें कक्षा एक से पांच तक का शिक्षण एक मार्च 2021 से शुरू होगा.
कुछ दिन पहले ही सीएम ने स्कूल खोलने के लिए थे आदेश
उत्तर प्रदेश में स्कूलों को खोले जाने को लेकर कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किए थे जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल खोलने की तैयारियां शुरू कर दी थी. सरकार ने गाइडलाइन के आधार पर कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई को चालू कराने के लिए विचार करने को कहा था जिसके बाद प्रदेश के अधिकारियों को वास्तविक स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया गया था.
अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद सरकार ने निर्णय लेकर स्कूल खोलने के संबंध में आदेश जारी कर दिए. नए आदेश आने के बाद राज्यभर में सभी तरह के स्कूल और कॉलेज खुल जाएंगे.




Add Comment