उत्तर प्रदेश का जौनपुर. एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. गाना बज रहा है सोचना क्या जो भी होगा देखा जाएगा… वीडियो अस्पताल की है जहां कोरोना के मरीजों का इलाज चल रहा है. अस्पताल के कर्मचारियों और डॉक्टर के साथ मरीजों ने भी दोनों हाथ उठाकर तालियां बजाकर बीमारी से लड़ने में अपनी सहमति जताई. मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आया तो भाऊक जिलाधिकारी ने वीडियो को ट्वीट कर दिया.
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के केस में लगातार कमी आ रही है. इसके श्रेय जागरूक लोगों के साथ डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत, जिला प्रशासन की निगरानी और शासन की सूझबूझ के दिशा निर्देश को माना जा रहा है. स्वास्थ्यकर्मी कोरोना से जूझ रहे मरीजों को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए जो भी करना पड़ रहा है कर रहे हैं. शनिवार का मामला है. देर शाम जौनपुर के जिला महिला अस्पताल के एल-2 वार्ड में डॉक्टर और कर्मचारियों ने एक अलग पहल की. सभी ने पीपीई किट पहनकर वार्ड में नाच गाकर न केवल मरीजों का मनोरंजन किया बल्कि उन्हें चिंता मुक्त होकर बीमारी से लड़ने के लिए भी प्रेरित किया. पूरा मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आया और उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर कर दी.
क्या है वीडियो में
वीडियो में गाना बज रहा है. हंसते-हंसते कट जाए रस्ते जिंदगी यूं ही चलती रहे… और सोचना क्या जो भी होगा देखा जाएगा… जैसे गाने पर डॉक्टर और मरीज डांस कर रहे हैं. जो मरीज खड़े हो सकते हैं वो खड़े होकर डांस कर रहे हैं और जो नहीं खड़े हो सकते वह ताली बजा कर जिंदगी से अपनी जंग की सहमति जता रहे हैं. भाऊक कर देने वाले इस वीडियो में अस्पताल कर्मी एक महिला मरीज से खड़े होकर डांस करने की गुजारिश करती है जिस पर मरीज़ खड़ी होकर डांस करने लगती हैं. हौसला अफजाई और प्रेरणा से भरा यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है.
डॉक्टर क्या कहते हैं
आधे घंटे तक मुन्ना भाई एमबीबीएस की तर्ज पर वार्डों में कोरोना संक्रमितों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रम किया गया. इस बाबत डॉक्टर कहते हैं कि मनोरंजन के माध्यम से मरीज तनाव मुक्त रहेंगे जो उनकी रिकवरी के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण होगा. वीडियो में इसका उदाहरण में मिल रहा है. जब मरीजों ने दोनों हाथ उठाकर तालियां बजाकर बीमारी से पूरी ताकत से लड़ने के लिए अपनी सहमति जाहिर की. अब वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. मरीजों को प्रेरित करने वाले इस विशेष आयोजन में डॉक्टर संदीप सिंह, डॉ अशोक कुमार, डॉक्टर कृष्ण चंद, डॉक्टर राजेश, डॉक्टर विकास सिंह, डॉक्टर विवेकानंद, स्टाफ नर्स भावना ,अजय कुमार रविंद्र कुमार वर्मा, पंकज ने विशेष सहयोग किया.
जिलाधिकारी जौनपुर ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो को ट्वीट किया और लिखा
जिला महिला चिकित्सालय के एल-2 विंग में आज डॉक्टर एवं उनके स्टाफ द्वारा मरीजों का मनोरंजन व उत्साहवर्धन कर इस कठिन समय में जिंदादिली की एक मिसाल कायम की गई.
वीडियो को बकायदा यूपी गवर्नमेंट, सीएम ऑफिस, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सूचना विभाग को टैग भी किया गया है.




Add Comment