वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ देश मजबूती के साथ खड़ा हो गया है. दो देसी वैक्सीन बना कर भारत ने विश्व भर को अपनी इच्छा शक्ति और ताकत का एहसास कराया है. लाखों लोगों को अभी तक कोरोना की वैक्सीन दी जा चुकी है. कहने का मतलब है कि देश में कोरोना के संक्रमित मामलों में रोजाना कमी देखी जा रही है और कहर भी कम होता जा रहा है. लेकिन आईसीएमआर यानी भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के ताजा राष्ट्रीय सीरो सर्वेक्षण के आंकड़े हैरान करने वाले हैं. यह आपकी सोच से कहीं ज्यादा है.
आईसीएमआर की ताजा राष्ट्रीय सीरो सर्वेक्षण की रिपोर्ट के मुताबिक 10 साल और इससे अधिक उम्र के 21 फ़ीसदी से अधिक आबादी के पूर्व में कोरोनावायरस संक्रमण की चपेट में आने के साक्ष्य मिले हैं. इस बाबत सरकार ने गुरुवार को जानकारी दी. सरकार ने कोरोना के खतरे को अस्वीकार नहीं किया और कहा कि आबादी के बड़े हिस्से को अभी भी संक्रमण का जोखिम है.
आईसीएमआर का तीसरा राष्ट्रीय सीरो सर्वेक्षण 17 दिसंबर से 8 जनवरी के बीच में किया गया था. गुरुवार को सर्वेक्षण के निष्कर्षों को आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव ने पेश किया. उन्होंने कहा कि
इस अवधि में 18 साल एवं इससे अधिक आयु के 28,589 लोगों का सर्वेक्षण किया गया जिनमें 21. 4 फ़ीसदी लोगों के पूर्व में कोरोनावायरस संक्रमण की चपेट में आने का पता चला. वहीं 10 साल से 17 साल की आयु के 25.3 फ़ीसदी बच्चों में भी यह पुष्टि हुई.
उन्होंने अपनी बात को आगे जारी रखते हुए कहा कि
ग्रामीण क्षेत्रों में 19.1 फ़ीसदी आबादी में सॉर्स-कोवि-2 की उपस्थिति के साक्ष्य मिले हैं. जबकि शहरी झुग्गी बस्तियों में यह आंकड़ा 31.7 फ़ीसदी पाया गया.
सर्वेक्षण के दौरान आयु वर्ग का जिक्र करते हुए डॉ बलराम भार्गव ने बताया कि
60 वर्ष से अधिक आयु के 23.4 फीसदी बुजुर्गों के भी कभी ना कभी संक्रमण की चपेट में आने का पता चला है.
कैसे हुआ सर्वेक्षण
सर्वेक्षण की जानकारी देते हुए डॉ भार्गव ने बताया कि
इस अवधि में 7,171 स्वास्थ्य कर्मियों के भी खून के नमूने लिए गए और इनमें से 25.7 फ़ीसदी के पूर्व में संक्रमण की चपेट में आने की पुष्टि हुई. पहले और दूसरे राष्ट्रीय सीरो सर्वेक्षण के दौरान जिन राज्यों के 700 गांव या 70 जिलों के जिन वार्डों को चुना गया था तीसरा सर्वेक्षण भी उन्हीं स्थानों पर किया गया.
कोरोना के ताजा हालात पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा
वर्तमान में कोरोना की स्थिति को साझा करते स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोनावायरस संक्रमण की दर से 5.42 फ़ीसदी है और यह कम हो रही है. पिछले 3 सप्ताह के दौरान 47 जिलों में संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया और 251 जिलों में एक भी covid-19 मरीज की मौत नहीं हुई.
जानकारी के मुताबिक गुरुवार तक देश में 4593427 लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया है. कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए 1239 निजी प्रतिष्ठानों और 5912 सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का प्रयोग किया जा रहा है.
सीरो सर्वेक्षण क्या है
दरअसल, किसी बीमारी का प्रसार आबादी में कितना हुआ है इसके आकलन के लिए सीरोलॉजिकल सर्वेक्षण किया जाता है. शार्ट में इसके सीरो सर्वे कहा जाता है. इसके तहत बीमारी के वायरस के खिलाफ पैदा होने वाली एंटीबॉडी की मौजूदगी का पता लगाकर सीरो सर्वे किया जाता है.

Add Comment