सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार को शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति दी है बावजूद इसके कुछ तस्कर टाइप के लोग शराब के शौकीनों की कमजोरी का फायदा उठाकर शराब का गंदा धंधा करते हैं. पुलिस को चुनौती देकर अवैध शराब की तस्करी का खेल करते हैं. ऐसा ही एक मामला आज सहारनपुर के ननौता क्षेत्र में प्रकाश में आया जहां पुलिस ने करनाल जिले के थाना इंद्री क्षेत्र के कलसौरा निवासी राहुल पुत्र सुभाष को 300 बोतल हरियाणा मार्का खराब के साथ गिरफ्तार कर लिया.
क्या मिला पुलिस को
राहुल लॉकडाउन और सीमाएं सील होने के बावजूद शराब लेकर उसमें मिलावट का खेल कर रहा था. पुलिस ने सूचना के आधार पर राहुल को मिलावट करते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को राहुल के पास से 300 बोतल हरियाणा मार्का शराब जिसमें 288 बोतल अंग्रेजी क्रेजी रोमियो और 12 बोतल रेक्टिफाइड मिश्रित, 5 लीटर रेक्टिफाइड 1.5 किलो यूरिया बरामद हुआ. इतना ही नहीं पुलिस को राहुल के पास से एक कार हरियाणा नंबर की फोर्ड फिएस्टा जिसका नंबर HR 06 P 0037 भी मिली.
पुलिस ने की कारवाई
थाना ननौता पुलिस ने राहुल पर मुकदमा संख्या 316/ 20 धारा 63 / 72 एक्साइज एक्ट और 272/ 273 भारतीय दंड विधान में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया.
गौरतलब है कि एसएसपी डॉ एस चन्नप्पा के आदेश के बाद पूरे जिले में शराब की अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है.

Add Comment