देश की सभी एजेंसीयों और न्यूज़ चैनेल्स ने अपने एग्जिट पोल्स में, आम आदमी पार्टी की जबर्दस्त वापसी के साथ केजरीवाल की आंधी को बताया है. लेकिन पार्टी की आंधी के बावजूद पार्टी के नेताओं ने EVM को लेकर गंभीर आरोप लगाये हैं.
नई दिल्ली: हो-हल्ला के बीच राजधानी दिल्ली की जनता ने शनिवार को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान किया. तमाम एग्जिट पोल्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी एक बार फिर जबर्दस्त बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रही है. बावजूद इसके AAP के नेता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर न केवल चौकन्ने हैं बल्कि गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं. पार्टी ने डर है कि बीजेपी ईवीएम में गड़बड़ी करके चुनाव के नतीजों में बदलाव कर सकती है.
मतदान के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर एक बैठक में तय किया गया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता वोटों की गिनती तक हर बूथ के ईवीएम की निगरानी करेंगे. पार्टी के नेता संजय सिंह ने बैठक के बाद बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान खत्म होने के बाद भी देर तक ईवीएम को जमा नहीं कराया गया और ये मशीनें अधिकारियों के पास ही रहीं. संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए ट्विटर पर 2 वीडियो भी पोस्ट किए हैं.
पहली पोस्ट में संजय सिंह ने एक वीडियो जारी की है जिसमें EVM उतारी जा रही है जहां कोई सेंटर नही है. संजय सिंह ने चुनाव आयोग से इस घटना का संज्ञान लेने की अपील की है. हालांकि यह साफ नहीं किया कि वीडियो कहां का है.
वहीं एक अन्य वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि एक अधिकारी ने गलत तरीके से अपने पास ईवीएम रखा था. उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वास नगर में भी ईवीएम काफी देर तक अधिकारियों के साथ रहा.
उन्होंने कहा, ‘बाबरपुर विधानसभा में गलत तरीके से एक अधिकारी ने EVM अपने पास रखी हुई थी उसकी शिकायत हम चुनाव आयोग से करेंगे और हमने अपने सारे विधायको और कार्यकताओं को निर्देश दिए हैं की वे स्ट्रांग रूम की निगरानी रखें.’ आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने भी ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है.




Add Comment