54 साल पहले अदाकारा साधना का झुमका आखिरकार बरेली किराए पर मिल ही गया. साधना का झुमका बरेली के बाजार में कहीं गिर गया था. 1966 में ‘मेरा साया’ नाम की फिल्म का गीत…’झुमका गिरा रे’ लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ. लोग अकसर बरेली का ज़िक्र आते ही सवाल करते थे कि भई बरेली वाला झुमका मिला कि नहीं…..
अब लोगों में यह चर्चा है कि 54 साल पहले साधना का जो झुमका बरेली में गिर गया था वह बरेली में एक तिराहे पर मिल गया. 1966 में राज खोसला के निर्देशन में बनी फिल्म मेरा साया का गीत “झुमका गिरा रे” लोगों के बीच में बहुत चर्चित हुआ था. मेरा साया’ फिल्म में सुनील दत्त और साधना ने मुख्य भूमिका अदा की थी। इस गीत को आशा भोसले ने गाया था. अब बरेली में उसी गीत को आइडियल मानकर झुमके की आकृति को एक पोल पर बनवाया गया है जिसकी जमकर तारीफ हो रही है.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिला स्थित एनएच 24 का जीरो पॉइंट अब लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है.इसकी वजह है यहां बनाया गया झुमका तिराहा. इस तिराहे से गुजरने वाले लोग खास झुमके को देख उसकी तस्वीर लेने से खुद को नहीं रोक पाते हैं.यहां कोई झुमके के साथ सेल्फी लेता है तो कोई इसकी अलग-अलग तस्वीरें अपने कैमरे में कैद करता है.
फ़िल्म ‘मेरा साया’ फिल्म की सिल्वर जुबली पर इस खास झुमके का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. बरेली डवलपमेंट अथॉरिटी ने एक समय पैसों के आभाव में काम रोक दिया था तब बरेली के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केशव ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया. शनिवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने इस तिराहे का उद्घाटन किया.
2.7 क्विंटल वजन के झुमके को 32 फ़ीट ऊंचे पोल पर लगाया गया है.


Add Comment