टॉप न्यूज़

Shaheen Bagh protest: सड़क पर प्रदर्शन से ख़फ़ा सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार को भेजा नोटिस

Shaheen Bagh Protest नयी दिल्ली: शाहीन बाग प्रोटेस्ट को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. सर्वोच्च न्यायालय ने रास्ता बंद होने पर चिंता जताई है. और इसके बाबत सरकार और पुलिस से सवाल भी किया है.
शाहीन बाग क्षेत्र में पिछले करीब दो माह से रास्ता प्रदर्शन के चलते बंद है. प्रदर्शन कारी सरकार से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) वापस लेने की मांग पर अड़े हैं.15 दिसंबर से शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों ने रोड नम्बर 13 पर कब्जा किया हुआ है जिसके चलते क्षेत्रीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है .प्रदर्शन के कारण दिल्ली और नोएडा के बीच सफर करने वालों को परेशानी का समना करना पड़ रहा है. लोगों को दूसरे रास्ते से जाने पर दो से 3 घंटे का अधिक समय लग रहा है जिससे वे काफी दिक्कत झेल रहे हैं

विरोध-प्रदर्शन के कारण बंद रास्ता खुलवाने वाली याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट ने शाहीन बाग से प्रदर्शनकारियों को हटाने का अनुरोध करने वाली याचिकाओं पर केन्द्र, दिल्ली सरकार और पुलिस को नोटिस जारी किये हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार को नोटिस भेजा और एक हफ्ते में जवाब मांगा. इस मामले पर अब अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी. सुनवाई के दौरान जस्टिस संजय किशन कौल ने कहा कि बहुत लंबे वक्त से प्रदर्शन चल रहा है. ऐसे सड़क को कैसे रोक सकते हैं ? ऐसे में तो कोई कहीं भी प्रदर्शन करने लगेगा. इस तरह अनवरत पब्लिक प्लेस पर सड़क कैसे जाम किया जा सकता है ? कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग आज नहीं मानी कहा पहले सरकार का जवाब सुनेंंगे.