बिहार विधानसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में है. 7 नवंबर को होने वाली 78 सीटों पर चुनाव के लिए एनडीए, महागठबंधन समेत सभी महत्वपूर्ण दलों ने अपनी सारी ताकत झोंक दिया है. बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अररिया और बिहारीगंज में चुनावी सभा की. जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और नित्यानंद राय समेत दर्जनभर नेताओं ने 32 से 34 सभाएं, रोड शो और जनसंपर्क अभियान में भाग लिया. जनता दल यू के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 6 विधानसभा क्षेत्र में जाकर चुनाव प्रचार किया. आज गुरुवार को 5 क्षेत्रों में सीएम की सभाएं होंगी.
इन क्षेत्रों में 7 नवंबर को डाले जाएंगे वोट
आखिरी चरण में सीमांचल के 4 जिले अररिया, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज की 24 सीटें, कोसी के मधेपुरा, सुपौल एवं सहरसा जिले की 13 और चंपारण की 8 तथा मिथिलांचल की 10 सीट समेत वैशाली और तिरहुत प्रमंडल में पड़ने वाले चुनाव के लिए गुरुवार को चुनावी शोर बंद हो जाएगा. शनिवार को सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. दो चरणों में हुए मतदान के लिए अब तक 243 विधानसभा सीटों में 165 पर वोटिंग हो चुकी है.
राष्ट्रीय जनता दल ने झोंकी पूरी ताकत
अंतिम चरण की बाजी जीतने के लिए आरजेडी ने अपनी ताकत लगा दी है. आरजेडी में अपने सभी पूर्व विधायक और सांसदों को क्षेत्रों में पहुंचने का निर्देश दिया है. आखिरी 2 दिनों में तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव चुनाव प्रचार में शामिल होंगे. बुधवार को तेजस्वी यादव ने 13 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया. गुरुवार को भी इतने ही सभाएं तेजस्वी यादव की होनी है. इस चरण में आरजेडी 46 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को आजमा रहा है. ऐसे सभी नेताओं को जिन्हें विधायक का टिकट नहीं मिला है. उन्हें भी वहां भेजा जा रहा है. सीमांचल के मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष प्रतिष्ठित लोगों को भी चुनाव में भेजा गया है.
सीएम ने मधेपुरा में किया कैंप
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मधेपुरा में मंगलवार को कैंप किया. बुधवार को 6 चुनावी सभाएं की और गुरुवार को लगभग 6 ही चुनावी सभाओं को संबोधित भी करेंगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा संगठन के महासचिव सांसद आरसीपी सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव संजय झा, वरिष्ठ नेता लल्लन सिंह भी कई क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. तीसरे और अंतिम चरण में एनडीए के प्रमुख दल जेडीयू के 37 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है. पार्टी ने अपने अधिकतर नेताओं को अपने-अपने गृह जिलों में रहने को कहा है. पहले दो चरणों की तरह ही इस चरण की मॉनिटरिंग पटना स्थित जनता दल यू के मुख्यालय से ही होगी.
सीमांचल पर ओवैसी की नजर
तीसरे चरण में ओवैसी की नजर सीमांचल की सीटों पर है. इसी चरण में पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी एक सीट कसबा में चुनाव लड़ रही है. तीसरे और अंतिम चरण में ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेकुलर फ्रंट सभी 78 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है. आखिरी 2 दिनों में रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिले को फोकस किया है.





Add Comment