Saharanpur. मण्डलायुक्त ए0वी0राजमौलि ने कोरोना के बढते संक्रमण के दृष्टिगत पंचायत चुनाव में लगे कर्मियों का वैक्सीनेशन कराये जाने के निर्देश दिए है. उन्होंने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि मजदूर वर्ग के लोगों में कोविड-19 के प्रति जागरूकता व सतर्कता अभियान चलाया जाए. सरकार द्वारा जारी गाईडलाईन के अनुसार जो भी पात्र है उन मजदूरों को शत प्रतिशत कोरोना वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें. उन्होने कहा कि मण्डी के थोक विक्रेताओं की टैस्टिंग और वेक्सीनेशन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नही की जायेगी. थोक विक्रेताओं के साथ ही सब्जी के रिटेल विक्रेताओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है. मंडलायुक्त ने कहा कि कोविड़-19 की गाइडलाईन का उल्लंघन होने की स्थिति में प्रभावी कार्यवाही की जाए. कोविड-19 की व्यवस्था में यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती हो तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाए.
मण्डलायुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देशित किया कि कोरोना से संबंधित प्रतिदिन की रिर्पोट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें. सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भी यह निर्देश दिए है कि कोविड वैक्सीन को खराब न होने दें. उन्होने कहा कि कोविड-19 की जांच की संख्या को मानक तक सीमित न रखकर अधिक से अधिक जांच की जाए. कहा कि कोविड-19 के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी से प्राप्त सूचना को जिलाधिकारी अपने स्तर से भी सत्यापित करा लें. कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए आम जनता में जागरूकता लाई जाए. कोविड जांच में तेजी लाई जाए. सर्विलांस टीमों को और अधिक सक्रिय कर रैण्डम आधार पर भी जांच कराई जाए. सार्वजनिक स्थलों पर बिना आर0टी0पी0सी0आर0 जांच कराये किसी कार्यक्रम की अनुमति न दी जाए.
मंडलायुक्त ए0वी0राजमौलि ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर माॅस्क और सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वालों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की जाए. उन्होंने कहा कि व्यापार संघों और छोटे व्यापारियों को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के साथ ही माॅस्क लगाये जाने के प्रति जागरूक किया जाए. कोविड-19 नियमों की अनदेखी करने वालो के विरूद्ध बिना हिचक निरोधात्मक कार्यवाही की जाए. प्रोटोकॉल के अनुपालन का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मण्डल के भी लोगों को कोविड-19 के प्रोटोकाल का अवश्य पालन कराने के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन, ध्वनि यंत्रों के माध्यम से प्रचार प्रसार, बुद्विजीवियों, धार्मिक संस्थाओं से अपील कराई जाए.
मंडलायुक्त ने कहा कि मास्क का प्रयोग समाज के प्रति जिम्मेदारी व सामाजिक उत्तरदायित्व का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है. इसे जन आंदोलन बनाना होगा. इस समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है .संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकाॅल का पालन अवश्य करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए. वैक्सीनेशन के लिए भी सभी लोगों को जागरूक किया जाए. उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि अस्पतालों में कोविड वार्ड को सक्रिय कर आक्सीजन, जीवन रक्षक दवाई, मैनपावर सहित समस्त औपचारिकताओं को पूरा कर लिया जाए.
बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) डी.पी.सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त सुनील श्रीवास्तव जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, मुजफ्फरनगर सेल्वा कुमारी जे.,शामली जसजीत कौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर डाॅ. एस चनप्पा, पुलिस अधीक्षक शामली सुकिर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, आर0एफ0सी0 सहित स्वास्थ्य, खाद्ध विपणन, पंचायत विभाग सहित सभी विभागों के मण्डलीय अधिकारी मौजूद थे.




Add Comment