Saharanpur. कोरोना संक्रमण के फिर से लौटने के चलते राज्यों ने एतिहात बरतनी शुरू कर दी है. कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण जहां रात का कर्फ्यू लगाया गया है वहीं सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किए जा रहे हैं. महाराष्ट्र, पंजाब, केरल समेत कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के फिर से एक बार तेजी से पैर पसारने के चलते इतिहात बरती जा रही है. इसी क्रम में सहारनपुर के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नया फरमान जारी किया है जिसके मुताबिक जिले में आने वाले लोगों का कोविड-19 टेस्ट अनिवार्य रूप से कराने के लिए कहा गया है.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 बी0एस0सोढी को एतिहात बरतने के निर्देश दिये. उन्होंने अलग अलग राज्यों से आने वाले वाले यात्रियों की जांच करवाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया.
इन राज्यों से आने वाले यात्रियों की होगी जांच
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के नए आदेश के मुताबिक देश के अलग-अलग राज्यों में कोविड-19 के बढते मामलों को देखते हुए ट्रेन, बस व अन्य संसाधनों से जिले में आने वाले सभी यात्रियों की ट्रेसिंग के साथ कोविड-19 की जांच की जाएगी. इतना ही नहीं जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक सीएमओ को अधिक से अधिक व्यक्तियों की कोविड जांच कराने और कोविड-19 वैक्सीनेशन के लक्ष्य को कराना सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है.
कोरोना के दूसरी लहर को लेकर कड़े हुए जिलाधिकारी के तेवर
कोविड-19 की दूसरी वेव को लेकर कोविड कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक के दौरान डीएम अखिलेश सिंह कठोर दिखाई दिए. उन्होने कहा कि निगरानी समितियां और डोर टू डोर सर्विलेन्स टीमों को पूर्व की तरह क्रियाशील कर कोविड-19 के लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी कोविड जांच सुनिश्चित करें. एन्टीजन व आर0टी0पी0सी0आर0 जांच कराई जाये और गम्भीर बीमारियों से पीडित व्यक्तियों को विशेष रूप से जागरूक किया जाये.
मास्क फिर से होगा जरूरी
भीड़भाड़ वाले और सार्वजनिक स्थलों पर कोविड-19 से बचाव के लिए दिशा निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा की बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने तथा मास्क लगाने की अनिवार्यता को अधिकारी सुनिश्चित कराएं. आने वाले त्यौहारों को देखते हुए जिले के बाजारों एवं ग्रमीण क्षेत्रों में भी टेस्टिंग बढाने के निर्देश डीएम ने अधीनस्थों को दिए. उन्होने कोविड-19 के बढते मामलों को देखते हुये रोस्टर के मुताबिक रेलवे स्टेशन और बस स्टेण्ड पर चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की डयूटी लगाकर टेस्टिंग बढाने के निर्देश दिये.
सुरक्षा के उपाय अपनाने की अपील
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 बी0एस0सोढी ने आज जनता का आह्वान करते हुए कहा कि खांसते व छींकते समय रूमाल या कोई कपडा मुंह पर रखना चाहिए. यदि रूमाल, कपडा न हो तो कम से कम हाथों से मुंह, नाक को सामने से ढकना चाहिए, ताकि खांसी/छींक के माध्यम से वायरस वातावरण में न फेले. उन्होने कहा कि बातचीत के समय एक हाथ या उससे अधिक दूरी बनाये रखें, ताकि थूक आदि के संक्रमित वस्तु को छूने आदि के संक्रमित कण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में न पहुंचे. कम से कम लोगों से हाथ मिलायें. उन्होने कहा कि हाथ मिलाने के बाद हाथ तथा किसी संक्रमित वस्तु को छूने आदि के बाद हाथ अवश्य धोयें. भोजन ग्रहण करने से पहले हाथों को साबुन या विसंक्रामक घोल से धोये. उपरोक्त लक्षणों के प्रकट होने की स्थिति में भीड-भाड वाले स्थानों पर जैसें, माॅल या बाजार, मेला, गैर स्थानों पर जाने से परहेज करें . सावधानी ही बचाव है.





Add Comment