Lucknow. उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों कोरोना की बढ़ती गति से हैरान सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने कोरोना की विकरालता को देखते हुए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और कठोर कार्रवाई के लिए कहा है.
लगातार बढ़ रहे आंकड़ों को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कोरोनावायरस को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है जिसके मुताबिक सार्वजनिक कार्यक्रमों में अब 100 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो पाएंगे. सरकार ने भीड़भाड़ को रोकने के लिए 100 से ज्यादा लोगों के शामिल होने पर पाबंदी लगा दी है. साथ ही साथ जिला प्रशासन को इस संबंध में सख्ती बरतने के लिए कहा है.
सुबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ऐसे जिले जहां कोरोना के 100 से अधिक कैसेस हैं वहां विशेष सावधानी बरती जाए. कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश देने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड सैंपलिंग का काम भी पूरी क्षमता से करने के निर्देश दिए हैं. संदिग्ध मामलों में आरटी पीसीआर टेस्ट को अनिवार्य रूप से कराने के लिए और जांच की संख्या को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किए हैं.
इतना ही नहीं शहरी इलाकों में कोरोनावायरस का केस मिलने पर प्रशासन को सख्ती बरतने के आदेश मुख्यमंत्री ने दिए हैं. कहा कि, कोरोना मरीज़ मिलने पर इलाके को कंटेनमेंट जोन में घोषित कर दिया जाए. सरकार का मानना है इससे कोरोना की रोकथाम हो सकेगी. सरकार के हवाले से यह भी कहा गया है कि एक मरीज मिलने पर 20 मकानों का इलाका सील किया जाएगा. वहीं किसी इलाके में एक से अधिक केस मिलने पर 60 मकानों का इलाका सील कर दिया जाएगा. यहां जान लेना जरूरी है कि कंटेनमेंट जोन में लोगों की सभी गतिविधियां रोक दी जाती हैं और आने-जाने पर पाबंदी लगा दी जाती है. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कोविड अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड की व्यवस्था करने को कहा है. सभी प्रकार के रोगों के उपचार को प्रभावी व्यवस्था के लिए कोविड-19 अस्पताल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया है. साथ ही यह भी कहा है कि एंबुलेंस सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जाए. किसी भी तरीके के सार्वजनिक कार्यक्रम में 100 से ज्यादा लोगों को एक साथ इकट्ठा ना होने दिया जाए. गाइड लाइन में गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर और लखनऊ में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.




Add Comment