SURENDRA CHAUHAN
सहारनपुर. कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पांच जुलाई से जिले भर में विशेष सर्विलांस अभियान शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने टीमों का गठन कर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है. कोरोना की रोकथाम के लिए पल्स पोलियो की तर्ज पर यह अभियान 10 दिन तक चलेगा. इसमें 31 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा. इस दौरान कोरोना के साथ गंभीर बीमारियों का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पांच से 15 जुलाई के बीच युद्ध स्तर पर एक विशेष सर्विलांस अभियान चलाया जाएगा. संक्रमण में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए जिले में घर-घर जाकर परीक्षण करने के साथ-साथ कंटेनमेंट जोन में सजगता के साथ अभियान चलेगा. जबकि अन्य क्षेत्रों में रोगियों का घर घर जाकर चिन्हीकरण किया जाएगा और जांच कराई जाएगी. सर्वेक्षण में गर्भवती महिलाओं 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के व्यक्तियों, उच्च रक्तचाप , मधुमेह, कैंसर आदि से ग्रसित रोगियों को सूचीबद्ध कर उनका विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि इस वर्ग को कोविड-19 संक्रमण से बचाया जा सके. सीएमओ ने कहा कि टीम के सदस्यों को किसी घर में रोगी मिलता है तो उनकी पल्स आँकक्सीमीटर से जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी टीमें अपना बचाव करते हुए इस कार्य को सुनिश्चित करें ताकि सभी जनपद वासी कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बने रहें. उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर सभी अधिकारियों को कार्य करना होगा.
बरतें सावधानी :
- बार-बार साबुन और पानी से 40 सेकण्ड तक हाथ धोएं
- हर समय दूसरे व्यक्ति से दो गज की दूरी बनाकर रखें
- घर से जब भी बाहर निकलें मास्क जरूर लगाएं
- बाहर से घर आने पर हाथों को अच्छे से धोएं तथा चेहरे-आँख को न छुएँ।

Add Comment