दिल्ली में 10 फरवरी की रात रिंकू शर्मा नाम के 25 वर्षीय युवक की मंगोलपुरी इलाके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या से आक्रोशित परिजनों ने हत्या के पीछे राम मंदिर का चंदा इकट्ठा करना कारण बताया है. परिजनों के आरोप के मुताबिक रात को लड़कों का एक ग्रुप घर में आया. रिंकू को लाठी-डंडों से पीटा. जो बचाने आया उसे भी मारा. इसके बाद हत्यारे रिंकू को सड़क पर ले गए और घसीटा. पीठ पर चाकू मारा गया. अस्पताल ले जाने पर रिंकू की मौत हो गई. पुलिस ने पूरे मामले पर रिपोर्ट दर्ज कर इस्लाम, जाहिद, मेहताब और नसीरुद्दीन नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. परिवार से अलग पुलिस की थ्योरी है. पुलिस के मुताबिक घटना जन्मदिन के एक पार्टी में हुए झगड़े का नतीजा है.
क्या कहती है पुलिस
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि रिंकू की एक बर्थडे पार्टी में आरोपों से बहस हो गई थी. इसके बाद उन्होंने रिंकू के घर जाकर हमला कर दिया. यह मामला बिजनेस के झगड़े से जुड़ा हुआ है. रिंकू उनके दोस्तों के साथ ही आरोपियों ने मिलकर पिछले साल रोहिणी सेक्टर 2 में रेस्टोरेंट्स खोले थे जो आस पास ही थे. बिजनेस फेल होने पर वे एक दूसरे को दोषी ठहराने लगे थे.
दिल्ली के एडिशनल एसपी ने दी जानकारी
एडिशनल एसपी (आउटर) सुधांशु धाम के मुताबिक 10 फरवरी की रात एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में फूड बिजनेस को लेकर पीड़ित और आरोपी के बीच हाथापाई हुई. इसके बाद दोनों पक्ष अपने घर चले गए लेकिन बाद में चारों आरोपी रिंकू शर्मा के घर पहुंचे. शर्मा और उसके भाई घर के बाहर थे. इसके बाद फिर से गरमा गरम बहस हुई और झगड़ा बढ़ गया. इसके बाद आरोपी ने रिंकू को चाकू मार दिया और भाग गया.
एडिशनल एसपी सुधांशु धाम ने आगे बताया कि झगड़े का वीडियो भी मिला है जिसमें एक लड़का चाकू लेकर आता दिख रहा है. घटना को लेकर कई अफवाहें चल रही है यह सभी लोग एक ही मोहल्ले में रहते थे और एक दूसरे को जानते थे.
क्या कहता है परिवार
रिंकू शर्मा के भाई मनु शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रिंकू एक लैब में टेक्नीशियन का काम करता था. 10 फरवरी की रात रिंकू ने घर आने के बाद मुझे सारे दरवाजे बंद करने को कहा. जब तक मैं ऐसा कर पाता तब तक कई लड़के हमारे घर में आ गए. हमें लाठियों से पीटा मेरे मां पिता को तंग किया. मेरे साथ भी मारपीट की. मेरे भाई को सड़क पर घसीटा और चाकू मार दिया.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मनु शर्मा ने बताया कि आरोपी के साथ पिछले साल से ही दिक्कतें हो रही थी. अगस्त 2020 में हमने अयोध्या के राम मंदिर को लेकर छोटा सा आयोजन किया था. वह लोग( आरोपी) इससे नाराज थे लेकिन हमने इसे नजरअंदाज कर दिया. हम हमेशा से अच्छे पड़ोसी रहे. आरोपियों में से एक की पत्नी के गर्भवती होने पर रिंकू ने खून भी दिया था. मनु ने पुलिस के कारोबार के झगड़े वाली थ्योरी को नकारते हुए कहा कि हमारा कोई रेस्टोरेंट्स नहीं है.
हत्या के पीछे राम मंदिर का चंदा
विश्व हिंदू परिषद ने एक बयान में रिंकू शर्मा की हत्या के लिए राम मंदिर के चंदा जमा करने का कारण बताया है. विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल के मुताबिक रिंकू का भाई विश्व हिंदू परिषद युवा शाखा का सदस्य है और रिंकू अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए फंड कलेक्शन के काम में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहा था.
ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा #justiceforrinkusharma
इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर रिंकू शर्मा के लिए न्याय की मांग चल रही है. #जस्टिस फॉर रिंकू शर्मा टॉप ट्रेंड पर है. इस पर कई बड़े लोगों ने अपनी राय रखी है और न्याय की मांग की है. रिंकू के लिए न्याय की मांग करने वालों में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा, एक्ट्रेस कंगना रनौत, प्रणिता सुभाष, ओलंपिक मेडल विनर योगेश्वर दत्त प्रमुख रूप से शामिल हैं.

Add Comment