नई दिल्ली.देश में कोरोना की बढ़ती रफ्तार के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के मुताबिक मास्क को पहनना अनिवार्य किया गया लेकिन लोगों ने सुविधानुसार और प्रभावशाली दिखने वाले मास्को का प्रयोग शुरु कर दिया. इसी बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी है जिसमें छिद्र युक्त, स्वासयंत्र लगे n-95 मास्क पहनने के खिलाफ चेतावनी दी गई है.
सरकार ने अपनी चेतावनी में कहा है कि ऐसे मास्क से कोरोनावायरस का प्रसार नहीं रुकता और यह कोविड-19 महामारी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के विपरीत है. स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक राजीव गर्ग ने राज्यों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मामलों के प्रधान सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि
“सामने आया है कि प्राधिकृत स्वास्थ्य कर्मियों की जगह लोग n-95 मास्क का अनुचित इस्तेमाल कर रहे हैं. खासकर उनका जिनमें छिद्र युक्त स्वसनयंत्र लगा है. आपके संज्ञान में लाया जाता है कि छिद्र व स्वसनयंत्र लगा n-95 मास्क कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए अपनाए गए कदमों के विपरीत हैं क्योंकि यह वायरस को मास्क के बाहर आने से नहीं रोकता. इसके मद्देनजर मैं आपसे आग्रह करता हूं कि सभी संबंधित लोगों को निर्देश दिए जाएं कि वे फेस माउथ कवर के इस्तेमाल का पालन करें और n-95 मास्क के अनुचित इस्तेमाल को रोकें.”
कैसा हो मास्क और कैसे करें उपयोग
दरअसल कोरोना संकट के बाद मास्क वायरस को रोकने में 75% कामयाब बताया जाता है लेकिन अगर मास्क का प्रयोग अच्छी तरीके से ना हो तो खतरा कम होने की बजाए बढ़ सकता है. ऐसे में केंद्र सरकार की अप्रैल में जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक
- घर में बने मास्क पहनने की जरूरत को महत्वपूर्ण माना गया है.
- घर में 6 लेयर का मास्क खुद तैयार कर लें. यह सबसे अच्छा विकल्प है.
- घर में बने मास्क में इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि यह चेहरे पर सटीक तरह से रहे और इसकी दोनों साइडों में कोई खाली जगह ना हो.
- कपड़ों के बने मास्क का उपयोग करने के बाद से उसे अच्छी तरह से धो लेना चाहिए. उसके बाद ही उसका फिर से इस्तेमाल करना चाहिए.
- मास्क को दूसरों के साथ शेयर नहीं करना चाहिए.
- एक बार उपयोग में आने वाले मास्क को खुले में नहीं फेंकना चाहिए उसे डिसइनफेक्ट करें और कचरे के डब्बे में फेंके.
- सबसे महत्वपूर्ण मास्क के बाहरी हिस्सा को छूने से बचना चाहिए और गलती से भी मास्क को गर्दन से टांग कर नहीं रखना चाहिए. इन विधियों को अपनाकर कोरोना के संक्रमण से बचने में सहायता मिल सकती है.


Add Comment