SANKALP NEB
सहारनपुर/उत्तर प्रदेश. देश में लॉक डाउन के चलते सभी स्कूल कॉलेज बंद है. इसी बीच विद्यालय संचालकों ने ऑनलाइन शिक्षा के तरीके को अपनाना ठीक समझा और स्कूलों से ऑनलाइन शिक्षा को सुचारू कर दिया लेकिन ऐसे में बड़ी समस्या अभिभावकों के सामने आ रही थी. बिना पुस्तकों के विद्यार्थियों और अभिभावकों को सिलेबस समझना और उसको पढ़ना दोनों कठिन हो रहा था.
इस कठिनाई को देखते हुए जिलाधिकारी सहारनपुर ने रोस्टर वार शहर की महत्वपूर्ण किताबों की दुकानों को खोलने के आदेश जारी किए हैं. जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा रविवार को आदेश जारी किया गया और उसमें नगर के पाठ्य पुस्तकों के सुबह 7:00 बजे से 12:00 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है. आदेश में पहले के जारी आदेश का भी जिक्र किया गया जिसमें पुस्तक विक्रेताओं द्वारा पुस्तकों के होम डिलीवरी के आदेश किए गए थे लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पा रहा था.
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने अपने आदेश में लिखा है कि सहारनपुर नगर क्षेत्र में कोरोनावायरस संक्रमण के नए केस ना मिलने से और विद्यार्थियों के पाठ्य पुस्तक और अन्य स्टेशनरी की वस्तुओं को सुलभता से उपलब्ध कराने की मंशा से नगर क्षेत्र के दुकानों को दिवस वार खोलने की अनुमति दी जाती है.
आदेश में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन को सुनिश्चित कराने की पूरी तरह जिम्मेदारी दुकानदार को दी गई है. खास बात यह है कि हॉटस्पॉट में कोई भी दुकान खोलने की अनुमति नहीं होगी. ना ही दुकानदार हॉटस्पॉट एरिया से किसी को भी काम करने के लिए अपनी दुकान पर बुला पाएगा. इसके अनुपालन के लिए संबंधित थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है.

Add Comment