कृषि कानूनों को रद्द करने के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर पिछले 21 दिनों से किसान आंदोलनरत हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए किसान अपनी मांगों को लेकर कड़ाके की सर्दी में दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हुए हैं. मोदी सरकार और किसानों के बीच तकरीबन 6 राउंड की वार्ता होने के बाद भी अभी तक कोई नतीजा नहीं निकल सका. वहीं बुधवार को आंदोलन परिसर से एक दुखद खबर भी आई जिसमें किसानों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल संत बाबा राम सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. उनका सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उन्होंने जुल्म सहने को भी पाप बताया है.
सुप्रीम कोर्ट ने किसान संगठनों को जारी किया नोटिस
सर्वोच्च न्यायालय ने 8 किसान यूनियनों को नोटिस जारी किया है. यह नोटिस दिल्ली सीमाओं से प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग वाली याचिकाओं पर जारी हुआ है. हालांकि किसान संगठन के नेता एमएस राय ने कहा है कि हमें सर्वोच्च न्यायालय से कोई नोटिस नहीं मिला है. जब हमें नोटिस मिलेगा तो सभी किसान यूनियन एक चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे.
दोपहर 12:00 बजे के बाद अहम सुनवाई
आंदोलन कर रहे किसानों को सड़क से हटाने की मांग पर सर्वोच्च न्यायालय आज फिर से सुनवाई करेगा. यह सुनवाई दोपहर 12:00 बजे के बाद होगी. बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश देने से पहले आंदोलनकारी किसान संगठनों को भी सुनने की बात कही थी.
राहुल गांधी ने मोदी सरकार को बताया क्रूर
किसान आंदोलन में शामिल संत बाबा राम सिंह के द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की घटना पर राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने एक ट्वीट कर कहा कि
” करनाल के संत बाबा राम सिंह जी ने कुंडली बॉर्डर पर किसानों की दुर्दशा देखकर आत्महत्या कर ली. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और श्रद्धांजलि.
कई किसान अपने जीवन की आहुति दे चुके हैं. मोदी सरकार की क्रूरता हर हद पार कर चुकी है.
जिद छोड़ो और तुरंत कृषि विरोधी कानून वापस लो!
बिल के समर्थन में भी किसान
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक एसोचैम सत्र को संबोधित किया और कहा कि जहां सुधारों के खिलाफ विरोध हो रहा है वही लाखों किसान बिलों के लिए समर्थन व्यक्त करने के लिए एकत्रित हो रहे हैं उन्होंने कहा कि आज ग्वालियर में हजारों किसान इसके लिए इकट्ठा हुए हैं.
शिवसेना ने बताया आंदोलन खत्म करने का तरीका
भारतीय जनता पार्टी की पुरानी सहयोगी रही शिवसेना ने किसान आंदोलन को खत्म करने का तरीका केंद्र सरकार को बताया है. पार्टी के नेता संजय राउत ने कहा कि यदि मोदी चाहे तो 5 मिनट में आंदोलन खत्म हो सकता है. उन्होंने कहा कि मोदी बड़े नेता हैं और अगर वह सीधे किसानों से मिलते हैं तो समस्या का समाधान हो सकता है. शिवसेना अब भाजपा का हिस्सा नहीं है लेकिन संकट समय में इस टिप्पणी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Add Comment