PRAKASH K PANDEY
सहारनपुर, देहरादून. देशभर में कोरोना संक्रमण के सात लाख से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं. कोरोना संक्रमण की गति को रोकने में अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिली है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आखरी मंडल सहारनपुर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं मंडल के केवल 2 जिलों सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के पिछले 24 घंटे के एक्टिव मामलों को देखा जाए तो यह पूरे उत्तराखंड से ज्यादा है.
दरअसल, सहारनपुर में आज कोरोना के 16 मामले दर्ज किए गए जिसमें आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी के पौत्र, नौकर समेत देवबंद के दो, ननौता के चार नकुड का एक, शहर के 8 लोग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई. सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
वही मंडल के मुजफ्फरनगर में आज विद्युत विभाग के 9 कर्मियों समेत कुल 26 लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई. 26 लोगों में विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई के भी संक्रमित होने की जानकारी मिली है. मुजफ्फरनगर जिला जेल से कोरोनावायरस के मामले मिले हैं. जबकि एक मामला मीरपुर से भी सामने आया है. मुजफ्फरनगर जिले में अब तक कोविड-19 के 96 मामले दर्ज किए जा चुके हैं.
उत्तराखंड में क्या है अपडेट
स्वास्थ्य विभाग देहरादून द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में 37 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं जिसमें राजधानी देहरादून में 4, उधम सिंह नगर में 20, नैनीताल में 4, अल्मोड़ा में 3, हरिद्वार में 5 और पौड़ी गढ़वाल में 1 कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है. सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पूरे उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3161 है जबकि स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 2586 है. वही मृत्यु की बात करें तो पूरे उत्तराखंड में 42 लोग महामारी से जीवन की जंग हार चुके हैं.
सरकार ने फिर से लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के साथ ही निकलने के लिए कहा है. साथ ही साथ अपील की है कि अनावश्यक घर से बाहर ना निकले.

Add Comment