भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव का आज जन्मदिन है. उमेश 25 अक्टूबर को 33 साल के हो गए. संघर्षों से भरी जिंदगी में उमेश के कई क्षेत्रों में अध्याय हैं. उमेश यादव का जन्म देवरिया में 1987 में हुआ था. पिता तिलक यादव उन्हें प्यार से बबलू कहते थे. बचपन के संघर्षों से तराश कर बड़े हुए उमेश यादव उन लोगों के लिए शानदार उदाहरण है जो हारने के बाद निराश हो जाते हैं.
तेज गेंदबाज भूरी आंखों वाले उमेश यादव 2010 में जिंबाब्वे के खिलाफ अपने एकदिवसीय क्रिकेट करियर का पदार्पण किए थे. उमेश इंडियन क्रिकेट टीम और आईपीएल में 19 नंबर की जर्सी पहनते हैं. 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करते हुए उमेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था. इसके बाद उमेश यादव आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल चुके हैं. उमेश के पिता तिलक यादव कोयले की खान में कर्मचारी रहे हैं. उमेश के परिवार में उनकी मां और दो भाई और एक बहन भी है.
बचपन में बेहद संघर्ष और गरीबी के साथ जिए उमेश यादव के पिता ने काफी मेहनत करके उमेश यादव को पढ़ाया लिखाया. पैसों की किल्लत के चलते कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता था लेकिन पिता अपने तीनों बेटे और बेटी को किसी बात की कमी नहीं होने देते थे. 2011 में उमेश यादव की माता का डायबिटीज के कारण देहांत हो गया. पैसों की कमी के चलते उमेश अपनी मां का इलाज नहीं करवा पाए थे. दवाइयों का खर्च परिवार की जरूरत से ज्यादा हो गया था.
बचपन से ही उमेश यादव भारतीय सेना का हिस्सा बनना चाहते थे लेकिन फार्म रिजेक्ट होने के बाद वह निराश हो गए थे. इसके बाद उमेश यादव ने पुलिस कांस्टेबल की नौकरी की तैयारी करनी शुरू कर दी लेकिन कांस्टेबल के एग्जाम में मात्र 2 अंक कम रहने से यहां भी असफलता ही हाथ लगी.
उमेश यादव ने अपने जीवन के ट्रैक को बदला और स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलना शुरू किया जिसके बाद उन्होंने फिर पीछे पलटकर कभी नहीं देखा. उमेश यादव ने 2015 वर्ल्ड कप में 18 विकेट लिए थे. इसके साथ ही सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय क्रिकेटर भी बन गए थे.

Add Comment