Unnao/Uttar Pradesh. चुनाव शुरू होते ही आपने सत्ता और ताकत की बातें सुनी होगी. वोट लेने के लिए शराब और मांस की बातें आम होती हैं. गाड़ियों में पैसा मिलना, धनबल का लालच इसकी तो चर्चा ही क्या करें. आज चर्चा शराब या मास कि नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में जलेबी और समोसा की करेंगे. राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव चल रहे हैं. चुनाव के दौरान क्षेत्र में 2 कुंटल जलेबी और 1000 से ज्यादा समोसे बांटने के लिए प्रत्याशी ने तैयारी कर रखी थी. खेल खराब हुआ पुलिस को सूचना मिलने के बाद. नतीजा यह हुआ कि पुलिस मौके पर पहुंच गई और जलेबी के साथ समोसे मौके से ही उड़ा दिए गए. माने वोटर्स तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिए गए.
जीत का यह अनोखा तरीका उत्तर प्रदेश के उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र की है. यहां पुलिस ने 10 लोगों के पास से 1000 से अधिक समोसे और 2 कुंटल जलेबी जब की है. 10 के 10 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जलेबी और समोसे अपने कब्जे में ले लिए हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हसनगंज थाना क्षेत्र के राजू मौर्य प्रधानी लड़ रहे हैं. गांव के वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए उन्होंने शराब और कबाब की जगह गांव वालों का मुंह मीठा कराने और करारे समोसे खिलाने की योजना बनाई. योजना में जान नजर आई तो राजू मौर्य ने फौरन हलवाई को बुलाकर गरमा गरम समोसे और जलेबी तलवाना शुरू कर दिया.
सारा खेल गांव के ही एक व्यक्ति ने बिगाड़ दिया. प्रधान का चुनाव जीतने के लिए इस तरीके की जानकारी मिलते ही उसने सूचना पुलिस तक पहुंचा दी. पुलिस के मौके पर पहुंचते ही अफरा तफरी का माहौल मच गया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से समोसे और जलेबी का ढेर सारा पैकेट अपने कब्जे में ले लिया.
ऐसा पहला मौका नहीं है जब पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए इस तरह की तरकीब पर काम किया गया हो इससे पहले भी कई इलाकों से घर का सामान, गैस सिलेंडर सहित कई चीजों के लालच की खबरें सामने आती रही है.





Add Comment