सहारनपुर. कोरोना का नाम सुनते सुनते 1 साल से भी अधिक का समय बीत चुका है. सन 2020 की शुरुआत के जैसे ही 2021 की शुरुआत भी हो गई है. बल्कि यूं कहें कि 21 वैसे भी 20 से भारी ही है. अप्रैल के महीना में वैश्विक महामारी कोरोना ने पिछले साल के भी रिकॉर्ड तोड़ दिए. नतीजा यह हुआ कि कई राज्यों में रात का कर्फ्यू तो कुछ जिलों में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा भी सरकारों ने की. ऐसे में लॉकडाउन का कयास भी तेज हो गया है.
उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को एतिहात बरतने और सख्ती के साथ कोविड के नियमों का पालन कराने के निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री अपनी टीम 11 के साथ लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं. सरकार के निर्देश के बाद कई जिलों में रात्रि कर्फ्यू का ऐलान जिलाधिकारियों ने किया है. कठोर पाबंदी के साथ रात्रि कर्फ्यू को पालन कराने की हिदायत भी दी गई है. प्रशासन से लेकर शासन और पुलिस से लेकर खुफिया विभाग तक रात्रि कर्फ्यू को लेकर अलर्ट मोड पर हैं.
जिला सहारनपुर में पिछले 4 दिन में तकरीबन 350 से अधिक केस मिलने के बाद जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने 8 अप्रैल देर शाम रात्रि कर्फ्यू का ऐलान कर दिया जो आज रात यानी 9 अप्रैल रात 9:00 बजे से शुरू हो गया. प्रशासन ने एक बार फिर कोविड घर की पहचान और सुरक्षा को ऊपर रख कोविड पॉजिटिव पाए गए लोगों के घर के सामने बल्लियां लगवानी शुरू कर दी है.
रात 9:00 बजते ही गिरने लगे शटर
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के आदेश के मुताबिक शुक्रवार रात 9:00 बजते ही दुकानों के शटर डाउन हो गए. लोगों में घर पहुंचने की बेचैनी देखी गई. जिलाधिकारी ने कई पाबंदियों के साथ जिले में रात्रि कर्फ्यू का ऐलान किया है. सड़कों पर जिलाधिकारी के आदेश का असर दिखाई दिया. 9:00 बजते ही सड़कें खाली और विरान नजर आने लगी. इस व्यवस्था ने लोगों को अप्रैल 2020 की यादें ताजा करवा दीं.
मास्क पर भी दिखा जिलाधिकारी का आदेश
रात्रि कर्फ्यू के एलान का असर लोगों पर दिखाई दिया. मास्क को दरकिनार कर चुके लोग एक बार फिर मास्क लगाकर घूमते नजर आए. दिन में तकरीबन एक अनुमान के मुताबिक सड़क पर निकलने वाले आधे से ज्यादा लोग मास्क में नजर आए. हालांकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अपने आप में एक सवाल है.
जिले में आज 53 मरीज
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनपद सहारनपुर में आज कोरोना के 53 पॉजिटिव मामले पाए गए. सहारनपुर में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10779 से ऊपर हो गई है. वही 575 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं. पिछले 24 घंटे की बात करें तो 53 नए मामले सामने आए हैं जबकि 4 लोग महामारी को मात देने में कामयाब हुए हैं.




Add Comment