पॉलिटिकल खास

किसान आंदोलन पर पीएम मोदी ने विपक्ष को सुनाई खरी-खरी, कहा, ‘आंदोलनजीवी’ ने आंदोलन अपवित्र किया,

बुधवार को लोकसभा में किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी गुस्से में नजर आए. उन्होंने कांग्रेस को खरी-खरी सुनाते हुए आंदोलन को गलत रास्ते पर ले जाने का आरोप लगाया. प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग भ्रम की स्थिति को बनाकर रखना चाहते हैं. जो हुआ नहीं उसका डर दिखा कर किसानों को आंदोलित कर रहे हैं.

राज्यसभा के बाद लोकसभा में भी आन्दोलनजीवी

लोकसभा में किसान आंदोलन पर जवाब देते हुए पीएम ने एक बार फिर से विपक्ष के लिए आंदोलनजीवी शब्द का प्रयोग किया. कहा, किसानों का आंदोलन पवित्र है, लेकिन आंदोलनजीवी ने इसको अपवित्र कर दिया है.

आंदोलन में हिंसा पर पीएम नाराज़

आंदोलन में हिंसा और नुकसान को लेकर पीएम मोदी नाराज़ दिखे और कहा,

तोड़फोड़ करने से आंदोलन कलंकित होता है. आखिर पंजाब में टेलिकॉम के टावरों को तोड़ने का किसान आंदोलन से क्या संबंध है? देश को आंदोलनकारियों और आंदोलनजीवियों में फर्क करना होगा.

पीएम मोदी आगे कहा,

मैं पूछना चाहता हूं कि आंदोलन में आतंकियों और नक्सलियों के रिहाई की मांग क्यों ?‍

कृषि सुधार के लिए कानून जरूरी

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने कहा,

कृषि सुधार के लिए तीनों कृषि कानून जरूरी है. लेकिन विपक्ष ने बिल लेकर देश भर में अफवाह फैलाई है. जिसका शिकार किसान भाई हुए हैं. इस कोरोना काल में 3 कृषि कानून भी लाये गए. ये कृषि सुधार का सिलसिला बहुत ही आवश्यक और महत्वपूर्ण है और बरसों से जो हमारा कृषि क्षेत्र चुनौतियां महसूस कर रहा है, उसको बाहर लाने के लिए हमें निरंतर प्रयास करना ही होगा और हमने एक ईमानदारी से प्रयास किया भी है.

डर का माहौल बना रही है कांग्रेस

कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा,

जो हुआ नहीं उसका डर फैलाया जा रहा है, ऐसे तरीके आंदोलनजीवी अपनाते हैं. मैं किसानों से पूछना चाहता हूं कि वे बताएं उनका कौन सा हक मारा छीना गया है.

कृषि कानून बंधन नही विकल्प

लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा,

तीनों कृषि कानून बंधन नहीं बल्कि किसानों की आजादी के लिए लाए गए हैं. प्रगति के लिए कुछ कानून जरूरी होते हैं. कानून लागू होने के बाद न देश में कोई मंडी बंद हुई, न एमएसपी बंद हुआ. ये सच्चाई है. इतना ही नहीं ये कानून बनने के बाद एमएसपी की खरीद भी बढ़ी है.

कृषि कानूनों में बदलाव की बात को दोहराते हुए पीएम ने आगे कहा,

हम मानते हैं कि इसमें सही में कोई कमी हो, किसानों का कोई नुकसान हो, तो बदलाव करने में क्या जाता है? ये देश देशवासियों का है. हम किसानों के लिए निर्णय करते हैं, अगर कोई ऐसी बात बताते हैं जो उचित हो, तो हमें कोई संकोच नहीं है.

कांग्रेस नही कंफ्यूज पार्टी

पीएम मोदी ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि

कांग्रेस पार्टी इतनी कन्फ्यूज है कि उसका एक धड़ा राज्य सभा में अलग स्टैंड रखता है और दूसरा धड़ा लोकसभा में अलग स्टैंड रखता है. ऐसी पार्टी न अपना भला कर सकती है और न ही देश का भला कर सकती है.

कांग्रेसी सांसदों के सवाल कि किसानों ने कानून नही मांगे हैं, इसपर पीएम ने कहा

हर चीज जनता को मांगने पर मिले यह ठीक नहीं है. जनता ने तो आयुष्मान भारत योजना भी नहीं मांगी थी, लेकिन हम लेकर आए. जनधन खाते के लिए किसी ने आंदोलन नहीं किया था, लेकिन हम योजना लेकर आए.

About the author

Prakash Pandey

Add Comment

Click here to post a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Follow us @ social media

Follow us @ Facebook

विविध