देहरादून/उत्तराखंड. कोरोना संक्रमण के बीच 10 दिन के लॉक डाउन की चर्चा पर प्रदेश के डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने 10 दिन के लॉकडाउन को सिरे से खारिज किया है और जनता से अपील की है कि इस तरह का कोई भी फैसला सरकार नहीं ले रही है ना ही इस पर चिंतन कर रही है. अफवाहों पर ध्यान ना दें साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही है.
उत्तराखंड में कोरोना के केस बढ़ने के चलते आज सुबह से लॉकडाउन की चर्चा थी. सोशल मीडिया पर तैर रही इस खबर पर खुद महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड अशोक कुमार को सामने आना पड़ा. उन्होंने एक वीडियो जारी कर लोगों से इस तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है. उन्होंने कहा
“आज सोशल मीडिया पर फेक न्यूज़ चल रही है जिसके अनुसार 27 जुलाई से 6 अगस्त तक 10 दिन का उत्तराखंड में लॉकडाउन लागू किया जा रहा है, ऐसी कोई भी योजना उत्तराखंड सरकार की नहीं है. यह पूर्णतया झूठी खबर है. पूर्णतया फेक न्यूज़ है. अभी अगर कोई चीज विचाराधीन है तो वह सिर्फ वीकेंड का लोक डाउन सैटरडे संडे का लोक डाउन जो पिछले हफ्ते लगा था. उसी तरह की कोई बात हो सकती है. 10 दिन का लॉक डाउन बिल्कुल भी विचाराधीन नहीं है. इसको कृपया आप सब अच्छी तरह से समझ लें और ऐसे लोग जिन्होंने झूठी अफवाह फैलाई है उनपर हम कानूनी कार्रवाई करने जा रहे हैं.”
वही शाम होते-होते जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार और रविवार के लॉक डाउन की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह की तरह ही इस सप्ताह भी शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लोग डाउन रहेगा.

Add Comment