सहारनपुर. जनपद में कोरोना का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है. आज आई ताजा रिपोर्ट के बाद जिले में कोरोना के 397 मामले हो गए हैं. सोमवार को 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है.
सोमवार को कोविड-19 की जो रिपोर्ट आई है वह बेहद चौंकाने वाली है. दरअसल रिपोर्ट में बसपा सांसद फजलुर्रहमान के परिवार के चार और लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं.
कुछ दिन पहले ही बसपा सांसद हाज़ी फजलुर्रहमान, उनके बेटे और भतीजे की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था. इसका कारण भी था सांसद एक दिन पहले तक सभी अधिकारियों से, लोगों से, मिल रहे थे.
प्रशासन ने आनन फानन में सांसद के परिवार के लोगों का कोविड-19 टेस्ट करवाया जिसमे आज चार लोग पॉजिटिव पाए गये. सांसद के परिवार से पॉजिटिव पाए गए लोगों में सांसद की बहू, भतीजे, भाभी और नौकरानी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. प्रशासन ने सांसद के परिवार और करीबी लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं. इतना ही नहीं उनकी ट्रेवल हिस्ट्री के मुताबिक भी प्रशासन जांच में जुटा हुआ है.
वही ननौता के जूता व्यापारी के परिवार के 5 लोग और कोरोना पॉजिटिव हैं जबकि तीन लोग देवबंद और एक व्यक्ति रामपुर का संक्रमित पाया गया है.आज कुल 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिसके बाद जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 384 हो गई. सबसे राहत की बात यह है कि जिले में रिकवरी रेट बहुत अच्छा है जिसके चलते अधिकांश लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं. अभी तक 338 लोगों ने महामारी को मात दी है जबकि 59 लोगों की लड़ाई जारी है. जिले में 16 हॉटस्पॉट केंद्र हैं जिनको प्रशासन ने विशेष निगरानी में रखा है.



Add Comment