अगर आप फोर व्हीलर रखते हैं और अभी तक परिवहन मंत्रालय के आदेश के मुताबिक फास्ट टैग अनिवार्य रूप से अपनी गाड़ी पर नहीं लगाया है तो आज रात के बाद भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है. मंत्रालय ने फास्टैग लागू करने की सीमा को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है जिसके बाद आज से पूरे देश में फास्टैग अनिवार्य हो जाएगा. टू व्हीलर को छोड़कर सभी तरह के वाहनों में फास्ट टैग नहीं लगे होने पर वाहन मालिक को टोल प्लाजा पार करने के लिए दोगुना टोल देना पड़ेगा. केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक फास्टैग लागू करने की सीमा अब आगे नहीं बढ़ेगी. वाहन मालिकों को तुरंत फास्टैग खरीदना चाहिए.
कई बार बढ़ चुकी सीमा
जान लेना महत्वपूर्ण है कि इससे पहले कई बार सरकार फास्ट टैग लागू करने की समय सीमा बढ़ा चुकी है. जनवरी से ही फास्टट्रैग को अनिवार्य किया गया था. लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 15 फरवरी 2021 तक कर दिया था. अब बिना किसी छूट के आज से फास्टैग से ही टोल टैक्स भुगतान की व्यवस्था को लागू कर दिया गया है.
कैसे खरीदें फास्ट टैग
फास्टैग के अनिवार्य होने के बाद से लोगों के सामने समस्या है कि वह फास्टैग कैसे खरीदें? इसके जवाब में टोल प्लाजा पर विभिन्न बैंकों के एजेंट ने काउंटर लगाए हैं. यहां से लोग फास्टैग खरीद सकते हैं. बता दें कि फास्टैग को अनिवार्य किए जाने के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा और टोल शुल्क का भुगतान इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हो जाएगा. जहां समय की बचत होगी वहीं टोल प्लाजा पर ट्रैफिक की लंबी लाइन भी नहीं लगेगी.
मिनिमम बैलेंस की अनिवार्यता नहीं
फास्टैग अनिवार्य करने के बाद से सरकार ने राहत दी है. फास्टैग जारी करने वाले बैंक सिक्योरिटी डिपॉजिट के अलावा कोई मिनिमम बैलेंस अनिवार्य नहीं कर सकते हैं. इससे पहले बैंकों की ओर से सिक्योरिटी डिपॉजिट के अलावा मिनिमम बैलेंस रखने की शर्त रखी गई थी.





Add Comment