उत्तर प्रदेश का कुशीनगर. खबर का विवरण आपसे साझा करूं उससे पहले यह वीडियो देख लीजिये
वीडियो में आपने देखा कुछ बच्चे और मौके पर मौजूद लोग दहाड़े मार कर रो रहे हैं. यह कोई दुःखद मौका नही था, यह भावुक पल था. भावनाएं थी, रिश्ते थे, स्नेह था, लगाव था, और समर्पण था. लोगों के आंसू गवाही थे व्यवहार के, प्यार के. जाती धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर ये तस्वीरें कुशीनगर जिले के दुदही विकास खंड के पाण्डेय पट्टी गांव के प्राइमरी स्कूल से आई हैं.
मौका स्कूल के प्रधानाध्यापक मान्धाता सिंह यादव के रिटायरमेंट यानी सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का. विदाई समारोह के अवसर पर शिक्षक और विद्यार्थियों का अद्भुत मेल देखने को मिला.
पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. प्रधानाध्यापक मान्धाता सिंह यादव के विदाई पर जहां बच्चे दहाड़े मार कर रो रहे हैं वहीं विद्यालय के स्टाफ और ग्रामीण भी अपने आंसुओं को छुपा नहीं सके और फफक कर रोने लगे. वीडियो में मांधाता सिंह यादव मौके पर मौजूद लोगों और विद्यालय स्टाफ से मिल रहे हैं. लोगों के प्यार को, भावना को देखने के बाद मांधाता खुद भी अपने आंसुओं को काबू नहीं कर सके और रोने लगे गुरु शिष्य की परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बन सकती है. ऐसे समय में जब विद्यार्थी और शिक्षक में सामंजस्य की कमी देखी जा रही है ऐसे में यह वीडियो प्रेरणा भरा है. निश्चित तौर पर प्रधानाध्यापक मांधाता सिंह यादव का कार्यकाल शानदार रहा होगा. इसकी गवाही उनकी विदाई पर मौके पर मौजूद लोगों के आंसू दे रहे हैं.
विदाई समारोह में सहयोगी स्टाफ ने मान्धाता सिंह यादव को स्मृति चिन्ह दिया. साथ ही साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. जिसको जो बना यादगार के लिए वही उपहार दे दिया.
भीगी पलकों और मन में भावनाओं का अंबार लिए लोगों को इस आश्वासन के साथ कि फिर मिलेंगे, सभी का धन्यवाद का मान्धाता ने विदाई ली.

Add Comment