सहारनपुर/ उत्तर प्रदेश. जनपद के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के कुछ गांव में आजकल रिश्तेदार भी जाना पसंद नहीं करते हैं. कारण कोरोनावायरस नहीं है बल्कि कारण जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
चांदपुर, अमरपुर, छपरेडी, चोरादेव, ढोला माजरा और आशा वाला में लोग अपनी रिश्तेदारी में जाने से बच रहे हैं. लोगों को वहां की मक्खियों से डर लग रहा है. हैरान करने वाली जानकारी जो सामने आई है वह यह है कि लोगों को अब इन मक्खियों से महामारी फैलने का खतरा लग रहा है. क्षेत्रीय लोग मक्खियों के चलते बेहद परेशान हैं.
मक्खियों के पनपने का कारण क्या है
दरअसल ग्रामीणों के अनुसार मक्खियों के पनपने का सबसे बड़ा कारण इन क्षेत्रों में सबसे अधिक मुर्गी फार्म का होना है. जिसके कारण मक्खियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और लोग अपनी रिश्तेदारी में आने से परहेज कर रहे हैं.
लोगों के साथ हो रही घटनाओं ने चिंता को बढ़ा दिया
दरअसल ग्रामीणों के मुताबिक जिस समय वे लोग चाय पीते हैं चाय में मक्खी गिर जाती है. बकौल ग्रामीण खाना भी कमरा बंद करके चादर ओढ़ के खाने को मजबूर हैं.
क्या कहते हैं ग्रामीण
क्षेत्रीय ग्रामीण बताते हैं कि अमरपुर, चांदपुर, चौरा देव गांव की करीब 10000 से अधिक की आबादी मक्खियों के इस प्रभाव से प्रभावित है. 67 साल पहले क्षेत्र में 20 मुर्गी फार्म शुरू किए गए थे. मुर्गी फार्म संचालक धन तो कमा रहे हैं लेकिन ग्रामीणों की समस्या को लगातार बढ़ा रहे हैं. बकौल ग्रामीण मक्खियों के प्रकोप से के कारण कोई भी परिवार बचा नहीं है. दुधारू पशुओं और उनके चारे के अलावा घर में भी दवा का स्प्रे करने को मजबूर है. इसके बाद भी मक्खियों के झुंड से छुटकारा नहीं मिल रहा है. एक ग्रामीण ने व्यथा बताते हुए इतना तक कह दिया की मक्खियों के झुंड को दिन-रात घरों में देखा जा सकता है. मामला बढ़ने पर पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कुछ समय पहले मुर्गी फार्म संचालकों को मक्खियों पर नियंत्रण पाने के लिए दवा छिड़काव के निर्देश दिए थे लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है.
क्या आवाज उठाई गई
क्षेत्र के अंकुर यादव नाम के युवक ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और समाधान की मांग भी की है. देखना दिलचस्प होगा कि क्या कार्रवाई की जाती है.

Add Comment