कृषि कानूनों पर किसान और सरकार दोनों ही पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. दोनों का टकराव चरम पर है. इस बीच दिल्ली पुलिस सीमाओं पर चल रहे आंदोलन की तैयारियों को फेल करने के लिए ऐतिहासिक सुरक्षा के कदम उठा रही है. लोहा, लक्कड़, ईंट, पत्थर, कील, काटा, सब कुछ दिल्ली पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए लगा दिया है. व्यवस्था ऐसी कि कोई प्रदर्शनकारी ना ही दिल्ली में आ सके और ना ही किसान आंदोलन स्थल से ट्रैक्टर लेकर बाहर निकल सकें. किसान आंदोलन तेज किए जाने की धमकियों के कारण दिल्ली पुलिस के द्वारा यह व्यवस्था बढ़ाई गई है.
किसानों ने 6 फरवरी को 3 घंटे तक सभी राज्य और नेशनल हाईवे को ब्लॉक करने की धमकी दी है.
सुरक्षा के जो इंतजाम किए गए हैं वह शायद ही कभी राजधानी और उसके आसपास देखे गए हों. गाजीपुर बॉर्डर पर कंक्रीट की दीवार बैरिकेट्स के रूप में खड़ी की गई है. टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने सड़कों पर बड़ी-बड़ी किलें लगा दी हैं. यह कीलें इतनी मोटी और ऊंची हैं कि ट्रैक्टर इनसे पार नहीं जा सकेगें. इतना ही नहीं पुलिस ने लेयर के बाद लेयर बिछाए हैं ताकि कोई भी ना आ सके और ना ही जा सके.
इसी बीच ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि पुलिस बॉर्डर पर देश भक्ति के गाने बजा रही है जिसे सोशल मीडिया पर लेकर खासी चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि देशभक्ति गाने भारत-पाकिस्तान के बीच बाघा बॉर्डर पर शाम को बजा करते हैं. वहीं किसान संगठनों ने सरकार से इमोशनल कार्ड न खेलने के लिए कहा है.
सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस की व्यवस्थाओं पर अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है. कोई सरकार को चेतावनी दे रहा है तो कोई बता रहा है कि हम इस देश के नागरिक हैं. यह भारत या पाकिस्तान का बॉर्डर नहीं है. देश की राजधानी दिल्ली का बॉर्डर है. एक युवक ने तो इस इंतजाम को तानाशाही तक करार दे दिया. कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की तैयारियों को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने लिखा है कि सरकार फुल बनवाइये, दीवारें नहीं
इतना ही नहीं प्रियंका गांधी ने गाजीपुर का वीडियो ट्वीट किया है और कहा है, प्रधानमंत्री जी अपने किसानों से ही युद्ध.
संजय राउत ने की टिकैत से मुलाकात
इसी बीच शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत और संजय राउत गाज़ीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत से मिले. मुलाकात के बाद संजय राउत ने कहा कि हमारे शिवसेना के सभी सांसद यहां आए हैं. राकेश टिकैत से बात हो गई है और उन्हें जो संदेश देना था हमने दे दिया है. हम पूरी ताकत से उनके साथ रहेंगे.सरकार को ठीक से बात करनी चाहिए, बात में राजनीति नहीं आनी चाहिए.

Add Comment